नई शिक्षा नीति से AI तक.. ‘जागरण भारत एजुकेशन कॉन्क्लेव 2026’ में दिखा भविष्य के भारत का विजन
Jagran Bharat Education Conclave 2026: नई दिल्ली में आयोजित ‘जागरण भारत एजुकेशन कॉन्क्लेव एंड अवॉर्ड्स 2026’ में नई शिक्षा नीति, AI, स्किल डेवलपमेंट और भविष्य की शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी समेत कई विशेषज्ञों ने इनोवेशन, तकनीक और युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में देश के होनहार छात्रों को विभिन्न कैटेगरी में अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।
Jagran Bharat Education Conclave 2026: नई दिल्ली के ताज मानसिंह होटल में 22 मई 2026 को आयोजित ‘जागरण भारत एजुकेशन कॉन्क्लेव एंड अवॉर्ड्स 2026’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की बदलती शिक्षा व्यवस्था, तकनीक और भविष्य को लेकर बड़े विजन का मंच बन गया। देश के शिक्षा, स्किल और टेक्नोलॉजी सेक्टर से जुड़े कई बड़े नाम यहां एक साथ जुटे और आने वाले भारत की तस्वीर पर खुलकर चर्चा की।
कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan), राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी (Sudhanshu Trivedi), UGC चेयरमैन विनीत जोशी, प्रो. डी.पी. सिंह, दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. अशोक कुमार नगावत, NASSCOM की डिप्टी डायरेक्टर प्रियंका बिष्ठ समेत कई दिग्गजों ने हिस्सा लिया।
‘रटने वाली नहीं, सोचने वाली शिक्षा चाहिए’
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में साफ कहा कि अब भारत को सिर्फ किताबों तक सीमित शिक्षा नहीं, बल्कि इनोवेशन और नई सोच वाली शिक्षा की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में भारत तेजी से इनोवेशन की दिशा में आगे बढ़ा है और नई शिक्षा नीति उसी बदलाव का हिस्सा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति देश को भविष्य के हिसाब से तैयार करने का बड़ा प्रयास है।
भारत की शिक्षा की जड़ें हमेशा मजबूत
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था की नींव कोई आज नहीं रखी गई। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, स्वामी विवेकानन्द और महात्मा गांधीजैसे महान विचारकों ने वर्षों पहले ही ऐसी शिक्षा की बात की थी, जो इंसान को सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि सोच और संस्कार भी दे।
NEET परीक्षा को लेकर दिया भरोसा
NEET परीक्षा को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शिक्षा मंत्री ने भरोसा दिलाया कि 21 जून को होने वाली परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और “100 फीसदी एरर फ्री” होगी।
'हमारे वैज्ञानिकों को नहीं दिया गया क्रेडिट'
राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत ने कई महत्वपूर्ण खोजें दुनिया से पहले कीं, लेकिन हमारे वैज्ञानिकों और परंपराओं को वह पहचान नहीं मिली, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि उपवास और व्रत जैसी भारतीय परंपराओं को आज दुनिया अलग नजरिए से देख रही है, जबकि यह हमारी संस्कृति का हिस्सा रही हैं।
गांव का बच्चा भी सीख सकेगा AI
NASSCOM की डिप्टी डायरेक्टर प्रियंका बिष्ठ ने कहा कि AI अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। भारत के किसी भी कोने में बैठा बच्चा AI से जुड़े कोर्स कर सकता है। उन्होंने बताया कि सरकार इस क्षेत्र में पेड इंटर्नशिप और स्किल प्रोग्राम भी चला रही है, जिससे युवाओं को नए मौके मिल रहे हैं।
‘AI से नौकरी नहीं जाएगी’
AI को लेकर लोगों के मन में बढ़ रही चिंता पर Addverb के को-फाउंडर बीर सिंह ने दिलचस्प उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब मोबाइल फोन आए थे, तब भी लोगों को डर था कि तकनीक इंसानों की जगह ले लेगी, लेकिन आज वही फोन जिंदगी का जरूरी हिस्सा बन चुका है।
आने वाले समय में घरों में दिखेंगे रोबोट
AI पर चर्चा के दौरान बीर सिंह ने कहा कि अगले 5 से 10 सालों में भारत में रोबोटिक टेक्नोलॉजी तेजी से बढ़ेगी। ऐसा समय भी आएगा जब घरों में खाना बनाने, सफाई करने और दूसरे कामों में रोबोट मदद करते नजर आएंगे।
स्किल के साथ सपने भी जरूरी
दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. अशोक कुमार नगावत ने कहा कि शिक्षा का मतलब सिर्फ डिग्री हासिल करना नहीं होना चाहिए। बच्चों को सपने देखने और अपना लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित करना भी उतना ही जरूरी है।
Bagesh Yadav is an experienced content professional with over 5 years of experience in covering education, general news, national, and international affairs. He has contributed to leading platforms like Vision IAS and Only IAS. Bagesh specializes in crafting impactful content, including current news articles, trending stories, sports updates, world affairs, and engaging infographics. He delivers high-quality, informative, and inspiring content, focusing on audience engagement and achieving positive results. Currently working as a Senior Content Writer for the Current Affairs and General Knowledge sections of jagranjosh.com, he can be reached at bagesh.yadav@jagrannewmedia.com.

Comments
All Comments (0)
Join the conversation