Vaibhav Sooryavanshi: कार और ₹45 लाख की पुरस्कार राशि सहित वैभव ने जीते ये 5 अवार्ड और तोड़े कई रिकॉर्ड
महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में इतिहास रच दिया। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने MVP, ऑरेंज कैप समेत 5 बड़े अवॉर्ड जीते। 776 रन, 72 छक्कों और 237.30 के स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़े और ₹45 लाख की पुरस्कार राशि व कार भी अपने नाम की।
आईपीएल 2026 का टाइटल भले ही RCB ने जीता हो लेकिन इस सीजन अगर किसी एक खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, तो वह थे राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। बिहार के इस युवा सितारे ने अपने बेखौफ अंदाज और विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरे सीजन में गेंदबाजों की नींद उड़ाए रखी। नतीजा यह रहा कि उन्होंने एक नहीं, दो नहीं, बल्कि पांच बड़े व्यक्तिगत पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया।
एक सीजन और पांच अवॉर्ड
वैभव IPL इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने एक ही सीजन में MVP, ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर, सुपर स्ट्राइकर और सुपर सिक्सेस जैसे पांच बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए। इतनी कम उम्र में ऐसा प्रदर्शन पहले कभी देखने को नहीं मिला था।
| मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर (MVP) | टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ समग्र प्रदर्शन | MVP जीतने वाले पहले 15 वर्षीय खिलाड़ी |
| ऑरेंज कैप | टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन | 16 पारियों में 776 रन |
| इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीज़न | सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी | 15 वर्ष, 65 दिन की उम्र में सबसे कम उम्र के विजेता |
| सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीज़न | सबसे अधिक स्ट्राइक रेट | 237.30 का स्ट्राइक रेट |
| सुपर सिक्सेज़ ऑफ द सीज़न | सबसे अधिक छक्के | रिकॉर्ड 72 छक्के |
बल्ले से बरसाए सर्वाधिक रन
वैभव ने 16 पारियों में 776 रन बनाए और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनका स्ट्राइक रेट 237.30 का रहा, जो इस सीजन की सबसे बड़ी चर्चा का विषय बना रहा। इसके अलावा उन्होंने 72 छक्के लगाकर IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का नया रिकॉर्ड भी बना दिया।
हर बड़े मैच में चमका बल्ला
सीजन के दौरान वैभव ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार शतक जड़ा। वहीं 93, 97 और 96 रन की पारियां खेलकर कई बार शतक से चूके, लेकिन अपनी टीम को मुश्किल परिस्थितियों से निकालने में अहम भूमिका निभाई।
सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप
महज 15 साल 65 दिन की उम्र में वैभव IPL इतिहास के सबसे युवा ऑरेंज कैप विजेता बने। यह उपलब्धि उनकी निरंतरता और पूरे सीजन में दिखाए गए दमदार प्रदर्शन की गवाही देती है।
ट्रॉफी नहीं मिली, लेकिन दिल जीत लिया
राजस्थान रॉयल्स भले ही फाइनल तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन वैभव सूर्यवंशी पूरे टूर्नामेंट के सबसे बड़े स्टार साबित हुए। खिताब किसी और टीम ने जीता, मगर सीजन खत्म होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इसी युवा बल्लेबाज की रही।
MVP जीतने के बाद क्या बोले वैभव?
मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) का अवॉर्ड जीतने के बाद वैभव ने कहा कि ‘उन्हें यह सम्मान पाकर बेहद खुशी है। उन्होंने माना कि इंटरव्यू देना बल्लेबाजी से ज्यादा मुश्किल लगता है। साथ ही उन्होंने कहा कि चोटों से बचने और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उन्हें अपनी फिटनेस पर और मेहनत करनी होगी। युवा बल्लेबाज ने टीम के सीनियर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का भी आभार जताया, जिन्होंने पूरे सीजन उनका भरपूर साथ दिया।
Bagesh Yadav is an experienced content professional with over 5 years of experience in covering education, general news, national, and international affairs. He has contributed to leading platforms like Vision IAS and Only IAS. Bagesh specializes in crafting impactful content, including current news articles, trending stories, sports updates, world affairs, and engaging infographics. He delivers high-quality, informative, and inspiring content, focusing on audience engagement and achieving positive results. Currently working as a Senior Content Writer for the Current Affairs and General Knowledge sections of jagranjosh.com, he can be reached at bagesh.yadav@jagrannewmedia.com.