भारत का सबसे कम जनसंख्या घनत्व वाला राज्य, प्रति वर्ग किलोमीटर मिलेंगे सिर्फ 17 लोग
भारत में कुल 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं। इन सभी में करोड़ों की संख्या में लोग रहते हैं। हालांकि, एक राज्य ऐसा भी है, जो कि सबसे कम जनसंख्या घनत्व वाला राज्य है। इस लेख में हम विस्तार से जानेंगे।
भारत आबादी के मामले में अब टॉप स्थान पर आ गया है। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। देश में कुल 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग जनसंख्या है। वहीं, यदि सबसे कम जनसंख्या घनत्व वाले राज्य की बात करें, तो यह अरूणाचल प्रदेश है। यहां प्रति वर्ग किलोमीटर में बहुत ही कम लोग मौजूद हैं। इस लेख में हम विस्तार से जानेंगे।
कितना है अरूणाचल प्रदेश का जनसंख्या घनत्व
साल 2011 में आखिरी बार जनगणना हुई थी, जिसके मुताबिक, प्रदेश का जनसंख्या घनत्व 17 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर है, जो कि देश के सभी राज्यों में सबसे कम है। इसका मतलब यह हुआ कि यहां प्रति 1 वर्ग किलोमीटर में सिर्फ 17 लोग ही मिलेंगे। ऐसे में यह बहुत ही कम भीड़-भाड़ वाला राज्य है। वहीं, भारत के कुल औसतन जनसंख्या घनत्व की बात करें, तो यह 382 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर है।
अरूणाचल प्रदेश की कुल जनसंख्या और एरिया
साल 2011 के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अरूणाचल प्रदेश का कुल एरिया 83,743 वर्ग किलोमीटर दर्ज किया गया था। वहीं, यहां की कुल आबादी 13.84 लाख रिकॉर्ड हुई थी।
अरूणाचल प्रदेश का सबसे कम घनत्व वाला जिला
अरूणाचल प्रदेश के सबसे कम जनसंख्या घनत्व वाले जिले की बात करें, तो यह दिबांग घाटी जिला है। आपको बता दें कि यह पूरे भारत में सबसे कम जनसंख्या घनत्व वाला जिला भी है, जहां प्रति वर्ग किलोमीटर में सिर्फ 1 व्यक्ति ही पाया जाता है।
क्यों कम है अरूणाचल का घनत्व
अरूणाचल प्रदेश का अधिकांश हिस्सा पूर्वी हिमालय की ऊंची पहाड़ियों पर है। यहां घने जंगल और घाटियां हैं। ऐसे में राज्य में समतल मैदान की कमी है, जिस वजह से यहां बड़े शहर नहीं बस सके हैं। इस राज्य का करीब 80 फीसदी हिस्सा जगंलों से ही घिरा हुआ है। वहीं, राज्य की भौगोलिक स्थिति के कारण यहां सड़क, रेल और कनेक्टिविटी मैदानों की तुलना में कम ही रही है।
दूसरी तरफ, हमें प्रदेश में कई जनजाति देखने को मिलती हैं, जो कि छोटे-छोटे गांवों और कस्बों में दूरी पर बसी हुई हैं। इस वजह से राज्य में एक ही जगह पर अधिक आबादी देखने को नहीं मिलती है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.