UP Budget 2026: यूपी सरकार ने पेश किया 59,019 करोड़ का अनूपरक बजट, प्रदेश में इन्हें होगा फायदा
उत्तर प्रदेश सरकार ने 4 अगस्त, 2026 को राज्य का अनुपूरक बजट पेश कर दिया है। विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा 59,019 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया गया है।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मंगलवार को यूपी का अनुपूरक बजट(Supplementary Budget) पेश किया है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा विधानसभा में जोरदार हंगामे के बीच 59,019 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है। वित्त मंत्री के मुताबिक, बजट का एक बड़ा हिस्सा 41,620.04 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय के लिए दिया गया है, जो राज्य में बुनियादी ढांचे और दीर्घकालिक विकास परियोजनाओं को गति देने में मदद करेगा। इस बजट में केंद्र सरकार की ओर से 11,240.97 करोड़ रुपये की मदद मिलेगी।
बजट से जुड़ी मुख्य बातें
-कुल बजट का आकार: 59,019.54 करोड़
-राजस्व लेखे का खर्च: 17,399.50 करोड़
-पूंजीगत लेखे का खर्च: 41,620.04 करोड़
वित्त मंत्री ने बजट पर क्या कहा ?
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा है कि बजट का मुख्य उद्देश्य पहले से चल रही विकास योजनाओं को समय पर पूरा करना और जनहित से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए अतिरिक्त धन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां धन की जरूरत महसूस हुई है, वहां अतिरिक्त राशि का प्रावधान किया जाएगा, जिससे विकास कार्यों में कोई रुकावट न आए और प्रदेश की प्रगति तेज हो।
यूपी बजट में किस पर रहा फोकस
सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए पेश किए गए अनुपूरक बजट में औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र पर अधिक ध्यान केंद्रित किया गया है। बजट में औद्योगिक विकास एवं भारी उद्योगों को सबसे बड़ा हिस्सा दिया गया है। इसमें भारी एवं मध्यम उद्योग विभाग के लिए 1,30,301.92 लाख का राजस्व खर्च और लगभग 20,905.88 करोड़ का भारी-भरकम पूंजीगत बजट मंजूर किया गया है। वहीं, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग को 1,502.79 लाख राजस्व और 12,500.00 लाख पूंजीगत मद में दिए गए हैं। सरकार ने मुद्रण तथा लेखन सामग्री के पूंजीगत कार्यों पर फोकस करते हुए 2,350.00 लाख दिए हैं।
कृषि को कितना मिला बजट
सरकार ने कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों को 13,237.76 लाख राजस्व और 15,900.00 लाख पूंजीगत विकास के लिए दिए गए हैं। वहीं, बजट में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के लिए 24,480.37 लाख राजस्व और 1,005.02 लाख पूंजीगत आवंटन हुआ है। दूसरी तरफ, पशुपालन विभाग के लिए 2,497.84 लाख राजस्व व 4,486.66 लाख पूंजीगत, दुग्ध विकास विभाग के लिए 20,425.10 लाख राजस्व, मत्स्य विभाग के लिए 300.00 लाख राजस्व व 600.00 लाख पूंजीगत बजट मंजूर हुआ है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.