8th Pay Commission: क्या 2 साल के एरियर पर बढ़ जाएगा टैक्स? कितना मिल सकता है एरियर, जानें सब कुछ
8th Pay Commission arrears: 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने में देरी होने पर केंद्रीय कर्मचारियों को 18 से 24 महीने तक का एरियर मिल सकता है। ऐसे में क्या एकमुश्त एरियर मिलने पर टैक्स बढ़ सकता है? चलिए संभावित एरियर, फिटमेंट फैक्टर और सेक्शन 89(1) की राहत के बारें में विस्तार पता लगाते है।
8th Pay Commission Updates: 8वें वेतन आयोग को लेकर केन्द्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स में बेसब्री लगातार बढ़ रही है। सबसे ज्यादा चर्चा वेतन बढ़ोतरी और संभावित एरियर को लेकर हो रही है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यदि आयोग की सिफारिशें लागू होने में देरी होती है, तो कर्मचारियों को करीब 18 से 24 महीने का एरियर एक साथ मिल सकता है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या एक साथ एरियर मिलने पर टैक्स का बोझ भी बढ़ जाएगा? चलिए आज इसके बारें में विस्तार से नजर डालते है।
2 साल के एरियर की चर्चा क्यों?
8वें वेतन आयोग का गठन नवंबर 2025 में किया गया था, लेकिन इसकी सिफारिशों पर अभी भी विचार-विमर्श जारी है। माना जा रहा है कि नया वेतनमान 1 जनवरी 2026 से प्रभावी हो सकता है।
हालांकि, आयोग की रिपोर्ट, सरकारी मंजूरी और लागू होने की प्रक्रिया में समय लग सकता है। ऐसे में यदि अंतिम फैसला 2027 में आता है और वेतन संशोधन को जनवरी 2026 से लागू माना जाता है, तो कर्मचारियों को पिछले कई महीनों का एरियर एक साथ मिल सकता है।
यही वजह है कि 20 महीने या उससे अधिक के एरियर की चर्चा हो रही है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
एरियर कितना मिलेगा, यह किन बातों पर है निर्भर?
एरियर की राशि सभी कर्मचारियों के लिए समान नहीं होगी। यह मुख्य रूप से दो बातों पर निर्भर करेगी।
फिटमेंट फैक्टर
फिटमेंट फैक्टर वह संख्या होती है जिसके आधार पर मौजूदा बेसिक वेतन को बढ़ाया जाता है। कर्मचारी संगठनों ने अलग-अलग मांगें रखी हैं और फिलहाल 1.92 से 3.83 तक के फिटमेंट फैक्टर की चर्चा है। फिटमेंट फैक्टर जितना अधिक होगा, वेतन वृद्धि और एरियर दोनों उतने ही ज्यादा होंगे।
पे लेवल
कर्मचारी जिस पे लेवल में होंगे, उसी के अनुसार उनका वेतन संशोधन और एरियर तय होगा। अधिक वेतनमान वाले कर्मचारियों को अधिक एरियर मिलने की संभावना रहेगी।
क्या एरियर पर लगेगा ज्यादा टैक्स?
आमतौर पर एरियर जिस वित्त वर्ष में मिलता है, उसी वर्ष की आय में जोड़ा जाता है। ऐसे में यदि किसी कर्मचारी को एक साथ लाखों रुपये का एरियर मिलता है, तो उसकी कुल कर योग्य आय बढ़ सकती है। इससे कुछ मामलों में कर्मचारी उच्च टैक्स स्लैब में भी पहुंच सकते हैं। लेकिन राहत की बात यह है कि आयकर कानून में इसके लिए विशेष प्रावधान मौजूद है।
क्या है सेक्शन 89(1) की राहत?
आयकर अधिनियम की धारा 89(1) उन कर्मचारियों को राहत देती है जिन्हें पिछले वर्षों का वेतन या एरियर एक साथ प्राप्त होता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भुगतान में देरी की वजह से कर्मचारी पर अतिरिक्त टैक्स का बोझ न पड़े।
पुरानी या नई, किस टैक्स रिजीम में ज्यादा लाभ?
इसका कोई एक जवाब नहीं है। यह पूरी तरह आपकी आय, निवेश और उपलब्ध टैक्स छूट पर निर्भर करेगा।
पुरानी टैक्स रिजीम फायदेमंद हो सकती है यदि
आप 80C के तहत निवेश करते हैं
हेल्थ इंश्योरेंस पर 80D का लाभ लेते हैं
HRA क्लेम करते हैं
होम लोन पर टैक्स छूट लेते हैं
नई टैक्स रिजीम बेहतर हो सकती है यदि
आपके पास ज्यादा टैक्स कटौतियां नहीं हैं
कम टैक्स दरों का लाभ मिल रहा है
फिलहाल क्या है स्थिति?
8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर अभी चर्चा जारी है। आयोग विभिन्न कर्मचारी संगठनों और पेंशनधारकों से सुझाव ले रहा है। ऐसे में फिटमेंट फैक्टर, वेतन वृद्धि और एरियर की अवधि को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
कर्मचारियों को मिल सकता है बड़ा एरियर
यदि 8वां वेतन आयोग 2027 में लागू होता है और इसे जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाता है, तो कर्मचारियों को बड़ा एरियर मिल सकता है। हालांकि एरियर मिलने का मतलब यह नहीं है कि पूरा पैसा टैक्स में चला जाएगा, क्योंकि सेक्शन 89(1) जैसी राहतें कर्मचारियों को अतिरिक्त कर बोझ से बचाने के लिए उपलब्ध हैं।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.