बिहार विधालय शिक्षा समिति(BSEB) ने 12वीं बोर्ड 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले आदित्य प्रकाश अमन ने 96.2 फीसदी अंकों के साथ पूरे राज्य में टॉप किया है। आदित्य प्रकाश ने एक इंटरव्यू में कहा है कि उन्हें भरोसा था कि उनका नाम टॉपर लिस्ट में जरूर आएगा। रिजल्ट की घोषणा के बाद पूरे घर में खुशी का माहौल है।
साइंस के साथ-साथ पूरे राज्य में किया है टॉप
आदित्य प्रकाश अमन ने 96.2 फीसदी अंकों के साथ न सिर्फ साइंस में टॉप किया है, बल्कि पूरे राज्य में उन्होंने सबसे अधिक अंक हासिल किए हैं। आदित्य प्रकाश अमन ने कुल 500 में से 481 अंक हासिल किए हैं।
क्या मिलेगा ईनाम
बिहार बोर्ड द्वारा टॉप करने वाले छात्रों को रुपये, लैपटॉप व स्कॉलरशिप समेत अन्य चीजों से पुरस्कृत किया जाता है। आदित्य प्रकाश ने पूरे राज्य में टॉप किया है। ऐसे में उन्हें सरकार की ओर से 2 लाख रुपये, लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र, मेडल व स्कॉरशिप भी मिलेगी। बोर्ड द्वारा मेधा दिवस के मौके पर टॉपर्स को पुरस्कृत किया जाता है।
भविष्य में बनना चाहते हैं डॉक्टर
आदित्य प्रकाश अमन ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनका पसंदीदा विषय बायोलॉजी है। ऐसे में भविष्य में डॉक्टर बनने की इच्छा रखते हैं।
माता-पिता और गुरु को दिया श्रेय
आदित्य प्रकाश अमन बिहार बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 में टॉप करने के पीछे अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरु को देते हैं। उन्होंने मीडिया में दिए अपने इंटरव्यू में कहा कि सभी को अपने स्तर पर प्रयास करता रहना चाहिए और बाकी सब ईश्वर पर छोड़ देना चाहिए।
पिता हैं सरकारी टीचर
आदित्य प्रकाश अमन के पिता बिहार में ही एक सरकारी टीचर हैं। बेटे के टॉपर बनने के बाद पिता का भी खुशी का ठिकाना नहीं है। वहीं, मां को जब बेटे के टॉपर बनने की सूचना मिली, तो उनके आंसू छलक पड़े।
12वीं बोर्ड में कुल कितने टॉपर
बिहार 12वीं बोर्ड रिजल्ट 2026 में इस बार कुल 26 विद्यार्थियों ने टॉप किया है। इसमें छात्राओं की संख्या सबसे अधिक है। बोर्ड के मुताबिक, इस बार कुल 19 लड़कियों ने बाजी मारी है। लड़कियों में अदिति कुमारी ने टॉप किया है। वह कॉमर्स स्ट्रीम से हैं और उनके 500 में से कुल 480 अंक हैं, जबकि निशु कमारी के 479 अंक हैं, जो कि आर्ट्स स्ट्रीम से हैं।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation