नेशनल हाईवे पर सफर करना अब थोड़ा महंगा होने वाला है। दरअसल, 1 अप्रैल से यात्रा की लागत बढ़ने जा रही है। अगर आप हाईवे पर चलने के लिए सालाना टोल पास (FASTag Annual Pass) का इस्तेमाल करते हैं, तो अब इसके लिए पहले से ज्यादा रकम चुकानी पड़ेगी, जिससे आपकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
सालान पास की कीमत में 2.5% की बढ़ोतरी
1 अप्रैल 2026 से निजी वाहनों के लिए FASTag वार्षिक पास की कीमत बढ़ाकर ₹3,075 कर दी जाएगी। फिलहाल इसकी कीमत ₹3,000 है। यह बढ़ोतरी करीब 2.5% है, जो हर साल होने वाले टोल संशोधन के फॉर्मूले के तहत लागू की जा रही है।
एक साल में 200 टोल क्रॉसिंग की सुविधा
FASTag वार्षिक पास निजी कार चालकों को बिना रुके 200 टोल प्लाजा पार करने की सुविधा देता है। यह पास सक्रिय होने की तारीख से एक साल तक मान्य रहता है और जरूरत पड़ने पर इसे साल में कई बार रिचार्ज भी किया जा सकता है।
52 लाख से ज्यादा वाहन चालकों ने लिया लाभ
सड़क परिवहन मंत्रालय के अनुसार, 15 अगस्त से शुरू हुई इस योजना को अब तक बड़ी सफलता मिली है। देशभर में 52 लाख से अधिक हाईवे उपयोगकर्ताओं ने इस वार्षिक पास को सब्सक्राइब किया है।
मार्च में रिचार्ज करने पर मिलेगा पुराना रेट
अधिकारियों के मुताबिक, जो लोग मार्च 2026 के भीतर अपना पास रिचार्ज करा लेंगे, उन्हें अभी भी ₹3,000 की मौजूदा दर पर ही वार्षिक पास मिल सकेगा।
हाईवे पर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्गों पर जल्द ही 100% डिजिटल भुगतान प्रणाली लागू की जा सकती है। ऐसे में टोल प्लाजा पर नकद भुगतान धीरे-धीरे खत्म हो सकता है और FASTag या UPI के जरिए ही भुगतान अनिवार्य किया जा सकता है।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation