15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपने नाम किये ये दो रिकॉर्ड, शतक नहीं, लेकिन रिकॉर्ड में नाम शामिल
युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने ज़िम्बाब्वे दौरे पर शानदार फॉर्म दिखाते हुए लगातार दो अर्धशतक जड़े। वह महज़ 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
भारतीय क्रिकेट के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी ने ज़िम्बाब्वे दौरे को शानदार अंदाज में समाप्त किया । हरारे में खेले गए तीसरे T-20 मुकाबले में 15 वर्षीय बल्लेबाज़ ने सिर्फ 49 गेंदों में 81 रन की विस्फोटक पारी खेलकर सभी का दिल जीत लिया। वह अपने पहले अंतरराष्ट्रीय शतक से महज़ 19 रन दूर रह गए, लेकिन इस पारी के दम पर उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। चलिए यहां उनके रिकॉर्ड के बारें में जानते है।
शतक नहीं, लेकिन दिल जीत लेने वाली पारी
पारी की शुरुआत से ही वैभव ने ज़िम्बाब्वे के गेंदबाज़ों पर दबाव बना दिया। उन्होंने सिकंदर रज़ा समेत सभी गेंदबाज़ों की जमकर खबर ली। 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने वाले वैभव ने अपनी पारी में 8 चौके और 4 छक्के लगाए।
रज़ा के खिलाफ 102 मीटर लंबा छक्का और शानदार शॉट्स ने उनकी बल्लेबाज़ी को और खास बना दिया।
इंग्लैंड की निराशा के बाद ज़िम्बाब्वे में दमदार वापसी
इंग्लैंड दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले वैभव ने ज़िम्बाब्वे में शानदार वापसी की। तीन T-20 मैचों में उन्होंने 151 रन 196.10 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। पहले ही मुकाबले में 18 गेंदों पर अर्धशतक जड़कर उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी का संकेत दे दिया था, जबकि आखिरी मैच में 81 रन की पारी खेलकर शानदार खेल दिखाया।
प्लेयर ऑफ द सीरीज बनकर रचा इतिहास
पूरी सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। इसके साथ ही वह महज़ 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए। इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह पहले क्रिकेटर हैं।
प्लेयर ऑफ द मैच का भी सबसे कम उम्र का रिकॉर्ड
तीसरे T-20 में 81 रन की शानदार पारी के लिए वैभव को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी मिला। इसके साथ ही उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में प्लेयर ऑफ द मैच बनने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
एक दौरा कई विश्व रिकॉर्ड
ज़िम्बाब्वे दौरा वैभव सूर्यवंशी के लिए किसी सपने से कम नहीं रहा। इस सीरीज में उन्होंने सबसे कम उम्र में T-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक, लगातार दो अर्धशतक, प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज जैसे कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किए। शतक भले ही इस बार अधूरा रह गया, लेकिन उनकी निडर बल्लेबाज़ी ने यह साफ कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को एक ऐसा सितारा मिल चुका है।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.