उत्तर प्रदेश के किस शहर में है कौन-सा प्रमुख पार्क, देखें पूरी लिस्ट

Last Updated: Jun 23, 2026, 19:33 IST

उत्तर प्रदेश में विभिन्न प्रमुख पार्क हैं, जिन्हें लेकर अक्सर प्रतियोगी परीक्षाओं में सवाल पूछे जाते हैं। इस लेख में हम इन सभी पार्क की पूरी लिस्ट देखेंगे और इनसे जुड़े तथ्यों को भी पढ़ेंगे।

यूपी के प्रमुख पार्क
यूपी के प्रमुख पार्क

उत्तर प्रदेश देश का चौथा सबसे बड़ा राज्य है, जो कि अपनी विविध संस्कृति और अनूठी परंपराओं के लिए जाना जाता है। भारत का यह राज्य कुल 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है, जिसमें विभन्न पार्क मौजूद हैं। अक्सर प्रतियोगी परीक्षाओं में इन पार्क से संबंधित सवाल पूछे जाते हैं। इस लेख में हम यूपी के प्रमुख पार्क और उनसे जुड़े शहर और महत्त्व के बारे में विस्तार से जानेंगे। 

यूपी में मौजूद इकलौता राष्ट्रीय पार्क 

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में दुधवा राष्ट्रीय पार्क मौजूद है। यह यूपी एक एकमात्र नेशनल पार्क है, जिसे 1977 में राष्ट्रीय पार्क का दर्जा मिला था। आपको बता दें कि यह दुधवा टाइगर रिजर्व का हिस्सा है।

नाइट सफारी पार्क 

नाइट सफारी पार्क ग्रेटर नोएडा में स्थित है। इस पार्क को भारत का पहला नाइट सफारी पार्क माना जाता है। यहां रात के समय घूमकर वन्यजीवों को देखा जा सकता है।

लॉयन सफारी पार्क

यूपी का लॉयन सफारी पार्क एशियाई शेरों के लिए जाना जाता है, जो कि इटावा जिले में मौजूद है। यह एक प्रमुख ईको-टूरिज्म केंद्र भी है। इटावा आने वाले पर्यटकों के लिए यह प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहता है। 

नॉलेज पार्क

यह पार्क ग्रेटर नोएडा में स्थित है, जो कि शैक्षणिक और तकनीकी अनुसंधान के हब के रूप में जाना जाता है। यहां कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थान और यूनिवर्सिटी मौजूद है। यही वजह है कि इसे नॉलेज पार्क कहा जाता है।

चमड़ा टेक्नोलॉजी पार्क

यूपी का चमड़ा टेक्नोलॉजी पार्क उन्नाव के बंतरा में मौजूद है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि परीक्षा में कई बार छात्र चमड़ा देखकर कानपुर उत्तर देते हैं, जबकि चमड़ा टेक्नोलॉजी पार्क उन्नाव में है और लेदर एक्सपोर्ट प्रमोशन इंडस्ट्रियल पार्क आगरा में मौजूद है।

बायोटेक्नोलॉजी पार्क

यूपी का बायोटेक्नोलॉजी पार्क राज्य की राजधानी लखनऊ में मौजूद है। यह यूपी का इकलौता संचालित जैव-प्रौद्योगिकी पार्क है।

प्लास्टिक सिटी पार्क

यह पार्क कानपुर और औरैया में मौजूद है। सरकारी डाटा के मुताबिक, औरैया के डिबियापुर को पेट्रोकेमिकल हब के रूप में विकसित किया गया था।

एग्रो पार्क

यूपी का एग्रो पार्क वाराणसी और बाराबंकी में मौजूद है। कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए इस पार्क को बनाया गया था।

राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल

यह पार्क यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा शहर में है। इस पार्क को यमुना किनारे बनाया गया है।

विज्ञान नगरी

विज्ञान नगरी को लखनऊ में विकसित किया गया है, जिससे छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण बढ़ सके। इसमें विज्ञान के क्षेत्र से जुड़ी चीजों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य छात्रों में विज्ञान के प्रति रूचि पैदा करना है।  

जनेश्वर मिश्र पार्क 

यह पार्क पूरे एशिया का सबसे बड़ा शहरीकृत पार्क है, जो कि राज्य की राजधानी लखनऊ में स्थित है। पार्क कुल 376 एकड़ में फैला हुआ है और इसी पार्क में पूरे लखनऊ में सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज (207 फीट) फहराया जाता है।

लोहिया पार्क 

लोहिया पार्क यूपी की राजधानी लखनऊ में मौजूद है। यह कुल 76 एकड़ में फैला हुआ है। पार्क में स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया के चौखंभा राज्य के सिद्धांत के आधार पर 25 मीटर ऊंचे चार स्तंभ भी बनाए गए हैं। 

आजाद पार्क

आजाद पार्क प्रयागराज में स्थित है। इसका पुराना नाम अल्फ्रेड पार्क है। यह वही पार्क है, जहां स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद ने एक पेड़ के नीचे खुद को गोली मार ली थी। दरअसल, आजाद इस पार्क में मीटिंग के लिए पहुंचे थे। इस बीच पार्क को ब्रिटिश आर्मी ने घेर लिया था। ऐसे में चंद्रशेखर आजाद ने खुद को अंग्रेजों के हाथ में जाने के बजाय 'आजाद' रहना ही बेहतर समझा औऱ उन्होंने खुद को गोली मार ली थी। आज भी इस स्थान को देखने के लिए पर्यटक पहुंचते हैं। देश की आजादी के बाद सरकार ने पार्क का नाम अल्फ्रेड से बदलकर आजाद कर दिया था।

नोटः विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में इन पार्क और उनकी जगह को लेकर मिलान करने को लेकर सवाल पूछा जाता है। इस प्रकार के सवाल UPPSC और UPSSSC की विभिन्न परीक्षाओं में पूछे गए हैं। ऐसे में छात्रों को सलाह है कि वे इन सभी पार्क के बारे में ध्यान से पढ़ें।

Kishan Kumar
Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.

... Read More
First Published: Jun 23, 2026, 12:49 IST

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Latest Education News