भारत के किस जिले में बनेगा देश का पहला Low Emission Zone, यहां पढ़ें
हाल ही में भारत के महाराष्ट्र में देश के पहले लो एमिशन जोन स्थापित करने की बात हुई है। इसका संबंध महाराष्ट्र इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2021 से है। यह जोन प्रदूषण को कम करने के लिए स्थापित किया जा रहा है।
भारत में विभिन्न शहरों में प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। इस कड़ी में भारत के महाराष्ट्र में स्थित में पुणे शहर में देश के पहले लो एमिशन जोन स्थापित करने की तैयारी हो रही है। इस जोन को पुणे नगर निगम द्वारा आईटीडीपी इंडिया के साथ मिलकर विकसित करने की तैयारी है, जिसका सीधा संबंध महाराष्ट्र इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2021 से है। सरकार द्वारा लो एमिशन जोन को शिवाजीनगर जैसे इलाके में बनाया जाएगा, जो कि व्यावसायिक क्षेत्र के रूप में अधिक प्रदूषण के लिए जाना जाता है।
क्या होता है लो एमिशन जोन
सबसे पहले हम लो एमिशन जोन के बारे में जान लेते हैं। आपको बता दें कि इस प्रकार के जोन में अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है, जिससे वायु प्रदूषण को कम किया जा सके। इतिहास उठाकर देखें, तो हमें दुनिया में कई देश ऐसे मिलते हैं, जहां नो एमिशन जोन बनाकर वाहनों के प्रदूषण को नियंत्रित किया गया है। इस प्रकार के जोन में प्रवेश शुल्क या पूर्ण प्रतिबंध के साथ-साथ उत्सर्जन मानकों का पालन किया जाता है।
क्या है पुणे में प्रस्तावित नियम
पुणे में प्रस्तावित जोन नियम की बात करें, तो यह जोन शिवाजीनगर के आस-पास वाले करीब 10 फीसदी क्षेत्र को कवर करेगा। इसके तहत पहले चरण में भारत स्टेज-3 और इससे पुराने वाहनों को लक्ष्य बनाया जाएगा। ऐसे में इस श्रेणी में 2011 से पहले पंजीकृत वाहन शामिल हो सकते हैं। इन वाहन चालकों से जोन में प्रवेश करने पर प्रदूषण शुल्क लिया जा सकता है। हालांकि, इसमें सार्वजनिक बसों, आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहन और ऑटो रिक्शा को छूट दी जा सकती है।
विशेष कैमरों का होगा उपयोग
नो एमिशन जोन में एक विशेष प्रकार के कैमरों का उपयोग किया जाएगा, जो कि नंबर प्लेट को कैप्चर कर वाहन से संबंधित जानकारी देंगे। इस तकनीक का उपयोग टोल संग्रह से लेकर यातायात निगरानी और परिवहन नियंत्रण में किया जाता है। ऐसे में किसी भी वाहन की पहचान आसानी से हो सकेगी।
क्या है महाराष्ट्र की इलेक्ट्रिक नीति
महाराष्ट्र इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2021 के तहत पुणे के साथ-साथ छह शहरों को लो एमिशन जोन बनाना है। यह राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत प्रदूषण को कम करने की रणनीति में शामिल है। एक रिपोर्ट् के मुताबिक, पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में करीब 70 फीसदी वाहन भारत स्टेज-4 और इससे पुराने मानकों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है। वहीं, शिवाजीनगर पहले से ही प्रदूषण से भरा इलाका है, ऐसे में यहां लो एमिशन जोन बनाकर प्रदूषण को कम किया जाएगा।
A seasoned journalist with over 7 years of extensive experience across both print and digital media, skilled in crafting engaging and informative multimedia content for diverse audiences. His expertise lies in transforming complex ideas into clear, compelling narratives that resonate with readers across various platforms. At Jagran Josh, Kishan works as a Senior Content Writer (Multimedia Producer) in the GK section. He writes on national and international topics from a GK perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com