JEE Main Topper 2026: राजस्थान के कोटा स्थित एलन करियर इंस्टीट्यूट के क्लासरूम स्टूडेंट कबीर छिल्लर ने जेईई मेन सेशन-1 में परफेक्ट स्कोर 300 में से 300 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। खास बात यह रही कि उन्होंने सेशन-2 की परीक्षा में भाग नहीं लिया, फिर भी उनका यह प्रदर्शन उन्हें टॉप पर बनाए रखने के लिए पर्याप्त रहा।
कबीर का परिवार मूल रूप से दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम से है और वे पिछले दो वर्षों से कोटा में रहकर अपनी तैयारी कर रहे थे। उनके पिता मोहित छिल्लर एक आईआईटीयन हैं और निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता प्रियंका छिल्लर एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। कबीर ने 10वीं कक्षा में भी 98% अंक प्राप्त किए थे, जो उनके लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाता है।
सफलता का मंत्र स्मार्ट स्टडी, सेल्फ एनालिसिस और मजबूत कॉन्सेप्ट
कबीर छिल्लर अपनी सफलता का श्रेय सही रणनीति, नियमित अभ्यास और सेल्फ एनालिसिस को देते हैं। उनका मानना है कि केवल पढ़ाई करना ही काफी नहीं, बल्कि पढ़ाई की क्वालिटी और समझ भी उतनी ही जरूरी है। वे हर टेस्ट के बाद अपने प्रदर्शन का गहराई से विश्लेषण करते थे और अपनी कमजोरियों पर विशेष ध्यान देते थे।
उन्होंने पढ़ाई को छोटे-छोटे टारगेट्स में बांटकर, शॉर्ट नोट्स बनाकर और नियमित रिवीजन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया। कबीर का कहना है कि रटने की बजाय कॉन्सेप्ट को समझना और उसे सही तरीके से लागू करना ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रही।
साथ ही, वे मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए दोस्तों के साथ समय बिताना भी जरूरी मानते हैं। भविष्य में कबीर का लक्ष्य आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करने के बाद मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) से उच्च शिक्षा प्राप्त करना है।