भारत के इतिहास में कई महत्त्वपूर्ण संधियां पढ़ने को मिलती हें। इस कड़ी में हमें पुरंदर की संधि भी देखने को मिलती हैं। पुरंदर की संधि को भारत की महत्त्वपूर्ण संधियों में गिना जाता है। यह वह संधि है, जिसने मराठा साम्राज्य की दिश बदल दी थी। इस संधि के तहत मुगलों को मराठाओं के किले मिले थे, हालांकि, मराठाओं के लिए यह एक सोची-समझी रणनीति थी। क्या थी यह संधि और कब और क्यों हुई थी, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
किसके बीच हुई थी पुरंदर की संधि
पुरंदर की संधि मराठा साम्राज्य की स्थापना करने वाले शिवाजी महाराज और राजा जय सिंह के बीच 1665 में हुई थी।
पुरंदर की पहली संधि
पुरंदर की पहली संधि 11 जून, 1665 को हुई थी। यह संधि मराठों के साम्राज्य का विस्तार रोकने के लिए की गई थी। इसके तहत राजा जय सिंह विशाल सेना के साथ दक्षिण में पुरंदर के किले के बाहर पहुंचे और तबाही मचाई।
इसमें मुरारबाजी देशपांडे शहीद हुए थे। जान-माल का नुकसान देखते हुए शिवाजी ने 35 किलों में से 23 किले मुगलों को सौंप दिए। वहीं, मराठों को जरूरत पड़ने पर बीजापुर के सुल्तान के खिलाफ लड़ने का वादा भी करना पड़ा। इसके अतिरिक्त, शिवाजी महाराज को औरंगजेब से मिलने के लिए राजी भी होना पड़ा।
कब हुई पुरंदर की दूसरी संधि
पुरंदर की दूसरी संधि 1 मार्च, 1776 को हुई थी। यह संधि अंग्रेजों और मराठाओं के बीच हुई थी। यह संधि कलकत्ता काउंसिल के प्रतिनिधि और नाना फडणवीस के बीच हुई थी। इस संधि को प्रथम आंग्ल-मराठा युद्ध के दौरान सूरत की संधि को अवैध मानकर शांति स्थापित करने के लिए किया गया था। संधि के तहत अंग्रेजों ने मराठा पेशवा के रूप में सवाई माधवराव को स्वीकार किया। वहीं, अंग्रेजों ने भी रघुनाथराव का साथ छोड़ने का वादा किया।
आगरा से भागे थे शिवाजी महाराज
पुरंदर की संधि के तहत शिवाजी महाराज 1666 में आगरा भी पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें 5000 मनसबदारों के साथ खड़ा कर दिया गया था। इससे शिवाजी महाराज नाराज हुए और दरबार से चले गए।
ऐसे में औरंगजेब ने उन्हें जयपुर हाउस में नजरबंद कर दिया था। शिवाजी महाराज और उनके बेटे संभाजी जयपुर हाउस में नजरबंद थे। हालांकि, शिवाजी महाराज ने एक कुशल योजना बनाई और फलों की टोकरी में संभाजी के साथ छिपकर आगरा से निकल गए थे। वह यहां से सीधा महाराष्ट्र नहीं पहुंचे थे, बल्कि मथुरा समेत अन्य शहरों में पहुंचे थे। क्योंकि, उन्हें पता था कि मुगल सेना उन्हें महाराष्ट्र में ढूंढने पहुंचेगी।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation