भारत के उत्तर में देखें, तो विशालकाय हिमालय पर्वत खड़ा है। यहां से भारत में बहने वाली कई प्रमुख नदियों का उद्गम होता है, जिनमें गंगा से लेकर यमुना नदी तक शामिल है। चूंकि, ये नदियां हिमालय से निकलती हैं, तो इस वजह से इन्हें हिमालयी नदियों के नाम से जाना जाता है।
आपने भारत की अलग-अलग नदियों के बारे में पढ़ा और सुना ही होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत में हिमालयी नदियों में सबसे पश्चिमी नदी कौन-सी है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
हिमालयी नदियां कौन-कौन-सी हैं
सबसे पहले हम भारत में बहने वाली हिमालयी नदियों के बारे में जान लेते हैं। आपको बता दें कि हिमालयी नदियों को तीन नदी तंत्रों में विभाजित किया गया है, जो कि इस प्रकार हैः
-सिंधु नदी तंत्र
-गंगा नदी तंत्र
-ब्रह्मपुत्र नदी तंत्र
सिंधु नदी तंत्र
सिंधु नदीः सिंधु नदी तिब्बत में मानसरोवर झील के पास से निकलकर भारत के लद्दाख में होते हुए बहती है। यहां से निकलने के बाद यह पाकिस्तान में प्रवेश करने के बाद अंत में अरब सागर में गिर जाती है।
सिंधु की प्रमुख भारतीय सहायक नदियां (पंचनद):
झेलम: यह नदी जम्मू-कश्मीर में वेरीनाग झरने से निकलती है।
चिनाब: दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल भी इस नदी के ऊपर बना है। यह नदी हिमाचल प्रदेश के बारालाचाला दर्रे के पास चंद्र और भागा दो नदियों से बनती है।
रावी: रावी नदी का उद्गम हिमाचल प्रदेश में रोहतांग दर्रे के पास से होता है।
ब्यास: इस नदी का भी उद्गम हिमाचल प्रदेश में रोहतांग दर्रे के पास से ही होता है।
सतलुज: सतलुज नदी का उद्गम तिब्बत में मानसरोवर झील के पास राकसताल से होता है।
गंगा नदी तंत्र
गंगा नदी दो नदियां, भागीरथी (गंगोत्री ग्लेशियर से) और अलकनंदा (सतोपंथ ग्लेशियर से) से मिलकर बनती है। इन दो नदियों का संगम उत्तराखंड के देवप्रयाग में होता है। यह भारत की सबसे लंबी नदी है, जिसकी कुल लंबाई 2525 किलोमीटर है।
गंगा की प्रमुख हिमालयी सहायक नदियां:
यमुना, रामगंगा, घाघरा, गंडक,कोसी और महानंदा।
ब्रह्मपुत्र नदी तंत्र
ब्रह्मपुत्र नदी (Brahmaputra River) का उद्गम तिब्बत में चेमायुंगडुंग ग्लेशियर से होता है। आपको बता दें कि यहां इसे त्सांगपो के नाम से पुकारा जाता है। वहीं, भारत के अरुणाचल प्रदेश में यह दिहांग के नाम से जानी जाती है। इसी राज्य से यह भारत में प्रवेश करती है।
ब्रह्मपुत्र की प्रमुख भारतीय सहायक नदियां:
लोहित, दिबांग, सुबनसिरी और तीस्ता है।
भारत की सबसे पश्चिमी हिमालयी नदी कौन-सी है
अब सवाल है कि भारत की सबसे पश्चिमी हिमालयी नदी कौन-सी है, तो आपको बता दें कि यह सिंधु नदी है। यह नदी भारत के सबसे पश्चिमी भाग में प्रवाहित होती है।
पढ़ेंः भारत के इस गांव को माना जाता है देश का सबसे मध्य बिंदु, पढ़ें नाम
Comments
All Comments (0)
Join the conversation