भारत स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार निवेश कर रहा है, जिससे लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सके। इस कड़ी में भारत के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में स्वास्थ्य को लेकर अलग-अलग योजनाएं चल रही हैं।
देश में एक राज्य ऐसा भी है, जो कि 100 फीसदी बीमा कवरेज वाला राज्य बन गया है। यह राज्य तेलंगाना राज्य है, जिसने कुछ समय पहले ही यह उपलब्धि हासिल की है। तेलंगाना ने कैसे हासिल की है यह उपलब्धि और क्या है 100 फीसदी बीमा कवरेज, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
आरोयग्यश्री योजना का पहुंचाया लाभ
तेलंगाना ने अपनी प्रमुख स्वास्थ्य योजना 'आरोग्यश्री' को Ayushman Bharat Digital Mission के साथ एकीकृत किया है। इसे अन्य राज्य स्तरीय पहलों के माध्यम से राज्य के प्रत्येक परिवार को इसके दायरे में लाकर उन तक लाभ पहुंचाया गया।
योजना में क्या किया जाता है
आरोग्यश्री योजना के तहत राज्य के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को कैशलेस चिकित्सा उपचार प्रदान किया जाता है। इसके लिए सरकार ने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना को इससे लिंक किया है। योजना के तहत लाभार्थियों को गंभीर बीमारियों के लिए निजी व सरकारी, दोनों अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिलती है।
राज्य से बाहर भी करा सकते हैं इलाज
तेलंगाना राज्य ने खुद को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा है। इसके तहत राज्य के नागरिक अब राज्य के बाहर भी अपना इलाज मुफ्त करा सकते हैं। हालांकि, इसकी अधिकतम खर्च सीमा 5 लाख रुपये है।
अस्पतालों का बुनियादी ढांचा किया मजबूत
तेलंगाना राज्य ने योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए सबसे पहले अस्पतालों का बुनियादी ढांचा मजबूत किया है। इसके तहत अस्पतालों में इलाज के लिए मूलभूत सुविधाओं को बेहतर किया गया है, जिससे धरातल पर मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।
राशन कार्ड को बनाया आधार
तेलंगाना राज्य ने आरोग्यश्री योजना का लाभ लेने के लिए पात्रता के रूप में राशन कार्ड को बनाया है। ऐसे में सरकार उन परिवारों को ही लाभ दे रही है, जिनका राशन कार्ड बना हुआ है। इससे सरकार के पास डाटा भी एकत्रित रहेगा कि कितने परिवारों को योजना का लाभ मिला है।
पढ़ेंः भारत के 5 ऐसे राज्य, जहां विधानसभा की हैं सबसे अधिक सीटें