पीएम मोदी 10 जून को रचेंगे इतिहास, टूटेगा 74 साल पुराना रिकॉर्ड, नाम करेंगे यह उपलब्धि

Last Updated: Jun 4, 2026, 17:51 IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून 2026 को भारतीय राजनीति में नया इतिहास रचेंगे। वह लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री रहने वाले देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले नेता बन जाएंगे। इसके साथ ही वह देश के पहले पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू का 74 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे। PM मोदी यह उपलब्धि हासिल करने वाले भारत के पहले नेता बनेंगे।

पीएम मोदी के नाम एक और बड़ी उपलब्धि
पीएम मोदी के नाम एक और बड़ी उपलब्धि

भारतीय राजनीति में 10 जून 2026 एक ऐतिहासिक तारीख बनने जा रही है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का 74 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे और भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन जाएंगे। गौरतलब है कि पीएम मोदी साल 2014 से पीएम के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे है। 

4399 दिन पूरे करते ही बनेगा नया रिकॉर्ड 

नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। 10 जून 2026 को उनके लगातार कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे हो जाएंगे। इसके साथ ही वह पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के लगातार प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड को पार कर लेंगे। 

पहली लोकसभा का गठन 17 अप्रैल, 1952 को हुआ था और नेहरू जी ने 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक लगातार करीब 12 वर्षों तक देश का नेतृत्व किया था। यह रिकॉर्ड आज तक कायम था, लेकिन अब यह टूटने वाला है। हालांकि पहली लोकसभा के गठन के पहले भी पंडित नेहरू ने देश के पीएम के तौर पर देश का नेतृत्व किया था।

इंदिरा गांधी को भी पीछे छोड़ चुके हैं PM मोदी

लगातार सबसे लंबे कार्यकाल के मामले में मोदी पहले ही पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ चुके हैं। इंदिरा गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक लगातार 4,077 दिनों तक प्रधानमंत्री रहीं थीं। मोदी ने जुलाई 2025 में यह रिकॉर्ड पार कर लिया था।

दो अलग दौर, दो अलग चुनौतियां

जब जवाहरलाल नेहरू ने देश की कमान संभाली थी, तब भारत की आबादी करीब 34 करोड़ थी। वहीं 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने तक देश की जनसंख्या 131 करोड़ के पार पहुंच चुकी है।

पहले आम चुनाव में सिर्फ 53 राजनीतिक दल मैदान में थे, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव तक यह संख्या हजारों में पहुंच गई। मतदाताओं की संख्या भी 17 करोड़ से बढ़कर 83 करोड़ से अधिक हो चुकी है। ऐसे में शासन, विकास और चुनावी प्रबंधन की चुनौतियां भी कई गुना बढ़ गई हैं।

पीएम के नाम एक और बड़ी उपलब्धि

नरेंद्र मोदी लगातार दो पूर्ण बहुमत वाली सरकारों का नेतृत्व करने वाले देश के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं। इसके अलावा गुजरात के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनका कुल प्रशासनिक अनुभव 8,900 दिनों से अधिक हो चुका है।

यह भी खास रिकॉर्ड पीएम मोदी के नाम

पीएम मोदी स्वतंत्र भारत में जन्म लेने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। वह वर्ष 2014 से 2019 और फिर 2019 से 2024 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व कर चुके हैं। इसके अलावा, वह गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्यमंत्री भी रहे हैं। उन्होंने अक्टूबर 2001 से मई 2014 तक लगातार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।

भारत के प्रधानमंत्रियों का नाम और कार्यकाल

आप यहां भारत के सभी प्रधानमंत्रियों का नाम और उनका पीएम के रूप में कार्यकाल देख सकते है:

प्रधानमंत्री का नाम

कार्यकाल

श्री नरेंद्र मोदी 

26 मई 2014 से वर्तमान तक  

डॉ. मनमोहन सिंह

22 मई 2004 - 26 मई 2014

श्री अटल बिहारी वाजपेयी

19 मार्च 1998 - 22 मई 2004, 16 मई 1996 - 1 जून 1996

श्री इन्द्र कुमार गुजराल

21 अप्रैल 1997 - 19 मार्च 1998

श्री एच. डी. देवेगौड़ा

1 जून 1996 - 21 अप्रैल 1997

श्री पी. वी. नरसिम्हा राव

21 जून 1991 - 16 मई 1996

श्री चन्द्रशेखर

10 नवंबर 1990 - 21 जून 1991

श्री विश्वनाथ प्रताप सिंह

2 दिसंबर 1989 - 10 नवंबर 1990

श्री राजीव गांधी

31 अक्टूबर 1984 - 2 दिसंबर 1989

श्रीमती इंदिरा गांधी

14 जनवरी 1980 - 31 अक्टूबर 1984, 24 जनवरी 1966 - 24 मार्च 1977

श्री चरण सिंह

28 जुलाई 1979 - 14 जनवरी 1980

श्री मोरारजी देसाई

24 मार्च 1977 - 28 जुलाई 1979

श्री गुलज़ारी लाल नन्दा

11 जनवरी 1966 - 24 जनवरी 1966, 27 मई 1964 - 9 जून 1964

श्री लाल बहादुर शास्त्री

9 जून 1964 - 11 जनवरी 1966

श्री जवाहरलाल नेहरू

15 अगस्त 1947 - 27 मई 1964

10 जून क्यों रहेगा खास?

10 जून 2026 सिर्फ एक रिकॉर्ड बनने का दिन नहीं होगा, बल्कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में दर्ज होने वाला एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी होगा। इस दिन नरेंद्र मोदी लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता के रूप में नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे और भारतीय राजनीति के इतिहास में अपना नाम एक नए अध्याय के साथ दर्ज कराएंगे।

Bagesh Yadav
Bagesh Yadav

Senior Executive

Bagesh Yadav is an experienced content professional with over 5 years of experience in covering education, general news, national, and international affairs. He has contributed to leading platforms like Vision IAS and Only IAS. Bagesh specializes in crafting impactful content, including current news articles, trending stories, sports updates, world affairs, and engaging infographics. He delivers high-quality, informative, and inspiring content, focusing on audience engagement and achieving positive results. Currently working as a Senior Content Writer for the Current Affairs and General Knowledge sections of jagranjosh.com, he can be reached at bagesh.yadav@jagrannewmedia.com.

... Read More
First Published: Jun 4, 2026, 16:06 IST

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Latest Education News