भारत का इकलौता राज्य, जो बांग्लादेश से तीन तरफ से साझा करता है अंतरराष्ट्रीय सीमा
त्रिपुरा भारत का एकमात्र राज्य है जो तीन तरफ से बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमा से घिरा है, जिसकी 856 किमी लंबी सीमा बांग्लादेश से लगती है। यह उत्तर-पूर्वी राज्य अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण मुख्य भूमि से एक पतले गलियारे से जुड़ा है और इसकी सुरक्षा BSF करती है।
भारत में कुल 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की अपनी विशेष पहचान है। इनमें कुछ राज्य ऐसे हैं, जो कि अलग-अलग देशों के साथ अपनी सीमा साझा करते हैं। इस कड़ी में भारत का एक इकलौता राज्य ऐसा भी है, जो कि बांग्लादेश से तीन तरफ से घिरा हुआ है। कौन-सा है यह राज्य, जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
बांग्लादेश से तीन तरफ से घिरा इकलौता राज्य
भारत का वह इकलौता राज्य, जो तीन तरफ से बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमा से घिरा हुआ है, त्रिपुराहै। त्रिपुरा भारत का उत्तर-पूर्वी राज्य है, जिसकी कुल 856 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा बांग्लादेश के साथ साझा होती है। यह त्रिपुरा की कुल सीमा रेखा का लगभग 84% से अधिक हिस्सा है।
त्रिपुरा की भौगोलिक स्थिति
त्रिपुरा की भौगोलिक बनावट कुछ इस प्रकार है कि यह भारत की मुख्य भूमि से केवल एक पतले गलियारे के जरिए जुड़ा हुआ है, जबकि बाकी का बड़ा हिस्सा बांग्लादेश के अंदर घुसा हुआ दिखता है। उत्तर, दक्षिण और पश्चिम दिशा से त्रिपुरा पूरी तरह से बांग्लादेश से घिरा हुआ है। वहीं, पूर्व दिशा में यह मिजोरम और असम के साथ सीमा साझा करता है।
पहले लगाना पड़ता था लंबा चक्कर
तीन तरफ से विदेशी सीमा से घिरे होने के कारण लंबे समय तक त्रिपुरा के लोगों को कोलकाता या दिल्ली से जुड़ने के लिए एक लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। ऐसे में लोगों को असम के रास्ते सिलचर और गुवाहाटी होकर जाना पड़ता था, जिससे दूरी और परिवहन लागत काफी बढ़ जाती थी।
किसके पास है सुरक्षा की जिम्मेदारी
त्रिपुरा तीन तरफ से अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है, जिससे यहां सीमा सुरक्षा बल(BSF) द्वारा त्रिपुरा सीमा की 24 घंटे निगरानी की जाती है। सीमा पार से अवैध घुसपैठ और तस्करी रोकने के लिए भारत-बांग्लादेश सीमा पर बड़े पैमाने पर कंटीले तारों वाली बाड़ भी लगाई है, जहं हर समय सीमा सुरक्षा बल के जवान तैनात रहते हैं।
त्रिपुरा का कुल एरिया और राजधानी
त्रिपुरा का कुल एरिया 10,486 वर्ग किलोमीटर है। राज्य की राजधानी अगरतला है, जो कि त्रिपुरा का सबसे बड़ा शहर भी है। यहां कुल जिलों की बात करें, तो इनकी संख्या 8 है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.