भारत में वर्तमान में 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की अपनी-अपनी विशेषता है। इनमें कुछ राज्य अपने बड़े आकार के लिए जाने जाते हैं, तो कुछ राज्य अपने छोटे आकार के लिए जाने जाते हैं।
आपको भारत के सबसे बड़े राज्य के बारे में पता ही होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत के पांच सबसे छोटे राज्य कौन-से हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
भारत का सबसे छोटा राज्य कौन-सा है
सबसे पहले हम भारत के सबसे छोटे राज्य के बारे में जान लेते हैं। आपको बता दें कि भारत का सबसे छोटा राज्य गोवा है। यह राज्य कुल 3702 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है।
गोवा राज्य, वह राज्य है, जो भारत में सबसे आखिर तक गुलाम रहा। यहां पुर्तगालियों का शासन रहा, जिन्होंने शहर को अपने हिसाब से डिजाइन किया और बसाया।
आज भी यह शहर अपनी खूबसूरती के लिए देश-विदेश में जाना जाता है। यही वजह है कि हर साल यहां बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं और समुद्र किनारों पर स्थित बीच का मजा लेते हैं।
भारत का दूसरा सबसे छोटा राज्य
भारत का दूसरा सबसे छोटा राज्य सिक्किम है। यह राज्य कुल 7096 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। वहीं, सिक्किम राज्य देश का पहला राज्य है, जो कि जैविक खेती पर निर्भर है। यहां की संस्कृति और अनूठी परंपराएं इसे अन्य राज्यों से अलग बनाती हैं।
भारत का तीसरा सबसे छोटा राज्य
भारत का तीसरा सबसे छोटा राज्य त्रिपुरा है, जो कि 10,486 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यह राज्य उत्तर, पश्चिम और दक्षिण में बांग्लादेश से घिरा हुआ, जबकि पूर्व में इसकी सीमा असम और मिजोरम से लगती है। राज्य का करीब 60 फीसदी हिस्सा वनों से घिर हुआ है।
भारत का चौथा सबसे छोटा राज्य
भारत का चौथा सबसे छोटा राज्य नागालैंड है, जो कि 16,579 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। इस राज्य को त्योहारों की भूमि के रूप में भी जाना जाता है, क्योंकि यहां 17 से अधिक जनजाति निवास करती हैं, जिनके समय-समय पर अपने त्योहार होते हैं।
भारत का 5वां सबसे छोटा राज्य
भारत के पांचवे सबसे छोटे राज्य की बात करें, तो यह मिजोरम है, जो कि 21081 वर्ग किलोमीटर में है। मिजोरम का शाब्दिक अर्थ पहाड़ी लोगों की भूमि है। वहीं, साक्षरता के मामले में भी यह टॉप राज्यों में आता है। भारत में केरल के बाद यह दूसरा सबसे साक्षर राज्य है, जिसकी साक्षरता दर 91 फीसदी है।
तो, ये थे भारत के पांच सबसे छोटे राज्य, जो क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे छोटे हैं। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंःभारत के कुल राज्य और उनका क्षेत्रफल, देखें पूरी लिस्ट