पूर्वांचल का सबसे बड़ा शहर, जिसे कहा जाता है ज्ञान और अध्यात्म का केंद्र
आपने पूर्वांचल के अलग-अलग शहरों के बारे में पढ़ा या सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि पूर्वांचल का सबसे बड़ा शहर कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
पूर्वांचल में आपने बहुत से शहरों के बारे में पढ़ा या सुना होगा। इस कड़ी में पूर्वांचल के सबसे बड़े शहर की बात करें, तो यह इतिहास का प्रसिद्ध शहर बनारस और वर्तमान का वाराणसी शहर है। यह शहर धर्म, ज्ञान और संस्कृति का केंद्र है, जहां गली-गली में आस्था और अध्यात्म का मिलन होता है। इस लेख में हम विस्तार से जानेंगे।
पूर्वांचल का सबसे बड़ा शहर
पूर्वांचल में बसे वारणसी शहर की आबादी की बात करें, तो साल 2011 के आंकड़ों के मुताबिक, यहां की आबादी 12.01 लाख दर्ज की गई थी। वहीं, यहां की महानगरीय आबादी की बात करें, तो यह 14.35 लाख दर्ज की गई थी। ऐसे में यह पूर्वांचल की सबसे बड़ी अर्बन एग्रोलोमिरेशन और सबसे घनी आबादी वाला शहर है।
संस्कृति और धर्म का शहर
वाराणसी भारत का सबसे पुराने जीवंत शहरों में एक है। यहां भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक प्रमुख 'काशी विश्वनाथ मंदिर' है। इसके अलावा वाराणसी शहर गंगा तट के 84 से अधिक प्रसिद्ध घाटों के लिए जाना जाता है, जिनमें दशाश्वमेध घाट प्रमुख है, जो कि गंगा आरती के लिए प्रसिद्ध है। वहीं, अस्सी घाट और मणिकर्णिका घाट भी प्रमुख हैं।
वाराणसी शहर से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सारनाथ भगवान बुद्ध से जुड़ी प्रमुख जगह है, जहां बुद्ध ज्ञान प्राप्ति के बाद अपना पहला उपदेश दिया था।
शिक्षा और कला का केंद्र
वाराणसी शहर को शिक्षा और कला केंद्र भी कहा जाता है। यहां एशिया का सबसे बड़ा आवासीय विश्वविद्यालयों में शामिल बनारस हिंदू विश्वविद्यालय है, जिसकी स्थापना पंडित मदन मोहन मालवीय ने 1916 में की थी। वहीं, बनारस संगीत का घराना अपनी विशेली शैली के लिए जाना जाता है। इस घराने से उस्ताद बिस्मिल्लाह खान और पंडित रविशंकर भी ताल्लुक रखते हैं। यह भारत के सबसे बड़े पर्यटन केंद्रों में से एक है।
धनुष के आकार में बसा हुआ है शहर
इस शहर की भौगोलिक स्थिति की बात करें, तो यह शहर धनुषाकार में बसा हुआ है। यह शहर गंगा नदी के बाएं तरफ बसा हुआ है, जो कि ऊपर से देखने पर धनुष के आकार में देखने को मिलता है। इसके अलावा, वाराणसी शहर अपने खान-पान के लिए भी पूरी दुनिया में जाना जाता है।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.