हिंदी सिर्फ भाषा तक सीमित नहीं, बल्कि यह संवाद का वह तरीका है, जिससे हर भारतीय लगाव महसूस करता है। भारत में बोली जाने वाली सभी भाषाओं को देखें, तो इसमें हिंदी का ग्राफ सबसे ऊंचा नजर आता है। विकिपीडिया व विभिन्न स्रोतों के मुताबिक, यहां 60 करोड़ से अधिक लोग हिंदी भाषा बोलते हैं। विभिन्न सरकारी व निजी स्कूलों में हिंदी को अनिवार्य रूप से पढ़ाया भी जाता है।
हिंदी भाषा के सम्मान में हर साल हिंदी दिवस मनाया जाता है। आपने राष्ट्रीय हिंदी दिवस के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप विश्व हिंदी दिवस के बारे में जानते हैं। यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
कब मनाया जाता है विश्व हिंदी दिवस
हर साल 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस का आयोजन किया जाता है। यह राष्ट्रीय हिंदी दिवस से अलग है। आपको बता दें कि राष्ट्रीय हिंदी दिवस हर साल 14 सितंबर को मनाया जाता है।
10 जनवरी को ही क्यों मनाया जाता है हिंदी दिवस
आपको बता दें कि 10 जनवरी, 1975 को नागपुर में पहला विश्व हिंदी सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसका उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा किया गया था। इस सम्मेलन में 30 देशों के 122 प्रतिभागी शामिल हुए थे।
क्या है विश्व हिंदी दिवस का उद्देश्य
विश्व हिंदी दिवस का उद्देश्य पूरी दुनिया में हिंदी के प्रति लोगों के लिए जागरूकता और इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है।
कब हुई थी हिंदी दिवस मनाने की आधिकारिक शुरुआत
हिंदी दिवस मनाने की आधिकारिक शुरुआत साल 2006 में की गई थी। पूर्व प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह द्वारा 2006 में 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई थी। इस दिन विदेशों में मौजूद भारतीय दूतावास में भी हिंदी दिवस का आयोजन किया जाता है।
हिंदी दिवस 2026 की थीम क्या है
साल 2026 में विश्व हिंदी दिवस की थीम ‘हिंदीः पारंपरिक ज्ञान से कृत्रिम बुद्मिमत्ता तक’ पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य है कि हिंदी पारंपरिक रूप से एक भाषा होने के साथ तकनीक की दुनिया में भी आगे है। इस भाषा को कृत्रिम बुद्धमित्ता के क्षेत्र में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। सरकार द्वारा इसे कोडिंग से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आसान इस्तेमाल के लिए बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, भारत सरकार लंबे समय से हिंदी को संयुक्त राष्ट्र में सातवीं आधिकारिक भाषा बनाने के लिए प्रयास कर रही है। वर्तमान में यहां अंग्रेजी, फ्रेंच, स्पेनिश, चीनी, अरबी और रूसी भाषा आधिकारिक भाषाएं हैं।
पढ़ेंःदिल्ली और आगरा के लाल किले में क्या है अंतर, जानें यहां
Comments
All Comments (0)
Join the conversation