पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक खास पल देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार (Makhanlal Sarkar) को सम्मानित कर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया और काफी देर तक गले भी लगाये रहे। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं ने इस पल का जोरदार स्वागत किया। बता दें कि माखनलाल सरकार को BJP के शुरुआती संघर्षों और राष्ट्रवादी आंदोलनों के अहम चेहरों में गिना जाता है।
कश्मीर आंदोलन में हुए थे गिरफ्तार
माखन लाल सरकार का राजनीतिक सफर देश की आजादी के बाद शुरू हुए राष्ट्रवादी आंदोलनों से जुड़ा रहा है। साल 1952 में वह श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। बीजेपी और जनसंघ के पुराने कार्यकर्ताओं के बीच आज भी उन्हें समर्पण और राष्ट्रवाद की मजबूत आवाज के रूप में याद किया जाता है।
बंगाल में BJP के पहले सीएम शुभेंदु अधिकारी, साथ में किन 5 मंत्रियों ने ली शपथ, देखें यहां
उत्तर बंगाल में बीजेपी को मजबूत करने में बड़ी भूमिका
साल 1980 में बीजेपी के गठन के बाद माखन लाल सरकार को उत्तर बंगाल में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी मिली। उन्होंने पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जैसे जिलों में पार्टी को जमीनी स्तर पर खड़ा करने का काम किया।
बंगाल में पहली बार बनी बीजेपी सरकार
2026 विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाई है। 15 वर्षों तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही राज्य की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।
इन नेताओं ने भी मंत्री पद की ली शपथ
नई बीजेपी सरकार में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ 5 बड़े नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तानिया, क्षुदिराम टुडू और निशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। पार्टी ने इन नेताओं को सरकार और संगठन दोनों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने के संकेत दिए हैं।