भारत के अलग-अलग राज्यों में मेट्रो सेवाएं संंचालित हैं। इस कड़ी में अलग-अलग मेट्रों के अपने-अपने रूट हैं। ऐसे में क्या आप जानते हैं कि दिल्ली मेट्रो के पास सबसे लंबे मेट्रो रूट का खिताब है। दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन सबसे लंबे रूट के लिए जानी जाती है, जो कि 59.24 किलोमीटर लंबा है, जिसे पूरा करने में 1 घंटे से अधिक का समय लग जाता है। इस लेख में हम इस रूट के बारे में विस्तार से जानेंगे।
कहां से कहां तक है पिंक लाइन
दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन सेवा मजलिस पार्क से शुरू होकर शिव विहार तक जाती है। इस दौरान यह कुल 59.24 किलोमीटर का सफर 38 स्टेशनों के साथ पूरा करती है।
'रिंग रोड लाइन' नाम से मशहूर है पिंक लाइन
दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन सेवा को 'रिंग रोड लाइन' भी कहा जाता है। दरअसल, यह मेट्रो दिल्ली की रिंग रोड के लगभग समानांतर ही चलती है और पूरे शहर का राउंड लगाती है।
पिंक लाइन की मुख्य विशेषताएं क्या हैं?
-पिंक लाइन दिल्ली के उत्तरी हिस्से से शुरू होती है और राउंड लगाते हुए पश्चिमी, दक्षिणी, पूर्वी दिल्ली और उत्तर-पूर्वी दिल्ली को आपस में जोड़ती है। हाल ही में इस पर भजनपुरा से बुराड़ी तक की सेवा को शुरू किया गया है।
-पिंक लाइन पर दिल्ली मेट्रो की येलो, ग्रीन, ब्लू, वॉयलेट, रेड और एयरपोर्ट लाइन से इंटरचेंज किया जा सकता है।
-आपको बता दें कि दिल्ली मेट्रो का सबसे ऊंचा स्टेशन यानि कि धौला कुआं इसी लाइन पर स्थित है, जिसकी ऊंचाई करीब 24 मीटर है।
-पिंक लाइन को ड्राइवरलैस बनाया गया है। इस लाइन पर मेट्रो बिना ड्राइवर के चलती है।
-पिंक लाइन पर ही दिल्ली मेट्रो का सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन निजामुद्दीन है।
दूसरा सबसे लंबा मेट्रो रूट भी दिल्ली में है
आपको बता दें कि दूसरा सबसे लंबा मेट्रो रूट भी दिल्ली मेट्रो के पास है। यह ब्लू लाइन है, जो कि द्वारका से शुरू होकर नोएडा और वैशाली तक जाता है। इस लाइन की कुल लंबाई 56.6 किलोमीटर है और यह दिल्ली मेट्रो की सबसे व्यस्त मेट्रो लाइन में से एक है।