भारत को आम की भूमि कहा जाता है। भारत में इसकी ढेरों किस्में उगाई जाती हैं। लेकिन, प्रत्येक किस्म का स्वाद, रंग और आकार अलग - अलग है।
यहां सिर्फ अल्फांसो ही नहीं बल्कि गुलाबी लाल से लेकर गुलाबी खास तक ढेरों आम की किस्में बाजार में छाई रहती हैं। यही वजह है कि यहां के आमों की देशभर में मांग रहती है।
आम निर्यातक देश
भारतीय आमों का स्वाद कनाडा और संयुक्त राज्य अमेरिका में भी लिया जाता है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय (PIB) की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने 2023-24 के पांच महीनों (अप्रैल-अगस्त) में 47.98 मिलियन अमेरीकी डॉलर मूल्य के आमों का निर्यात किया। इसी के साथ भारत ने 2023-24 में पिछले वर्ष की तुलना में अमेरिका को आम निर्यात में 19% तक वृद्धि दर्ज की।
संयुक्त राज्य अमेरिका के अलावा भारत ने जापान को 43.08 मीट्रिक टन आम, न्यूजीलैंड को 110.99 मीट्रिक टन आम, ऑस्ट्रेलिया को 58.42 मीट्रिक टन आम तथा दक्षिण अफ्रीका को 4.44 मीट्रिक टन आम का निर्यात किया है।
चलिए आगे लेख में जानें भारत में आम का शहर किसे कहा जाता है? हालांकि, भारत में इसकी लगभग 1000 किस्में उगाई जाती हैं। लेकिन, आज जानिए आम की 15 किस्में और कुछ प्रमुख राज्यों से जुड़े आमों की पूरी सूची।
भारत में आम का शहर किसे कहते हैं
भारत का प्रत्येक शहर अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। ऐसे में भारत का एक शहर ऐसा भी है जिसे आम का शहर कहा जाता है। हम बात कर रहे हैं पश्चिम बंगाल के मालदा शहर की जिसे, आम का शहर कहा जाता है।
यहां का फजली आम (Fazli Mango) खूब मशहूर है। यह अपने गूंदे, छोटे बीज और बेहतरीन स्वाद के लिए जाना जाता है। फजली आम की दुनिया भर के देशों में भी मांग है, जो इसकी बेहतरीन गुणवत्ता को दर्शाता है।
ये भी पढ़ें: किस राज्य को ‘नारियल की भूमि’ कहा जाता है?
भारत में आम की 15 लोकप्रिय किस्में और उनके शहरों की सूची
भारत में आमों की अनोखी किस्में हैं, जो अप्रैल से अगस्त तक बाजारों में छाई रहती हैं। नीचे टेबल के माध्यम से आप 15 प्रकार के आमों की सूची और उनके पॉपुलर राज्य व शहरों के नाम देख सकते हैं:
प्रसिद्ध आमों के नाम | राज्य |
तोतापुरी | आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलानाडू |
हापुस | महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और मध्य प्रदेश |
बंगनापल्ली | आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु |
रत्नागिरी | महाराष्ट्र |
चौसा | उत्तर भारत और बिहार |
रसपुरी (आम की रानी) | कर्नाटक |
दशहरी | उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब |
हिमसागर | पश्चिम बंगाल और बिहार |
नीलम | कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा |
मालदा | बिहार, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश |
लंगड़ा | उत्तर प्रदेश |
केसर | गुजरात |
बादामी | कर्नाटक |
फर्नांडीन गोवा | गोवा |
मलगोवा आम | तमिलनाडू, कर्नाटक |
क्या आप जानते हैं: प्रसिद्ध अल्फांसो जो कि रत्नागिरी के सबसे पॉपुलर आम की किस्म है, इसका वजन लगभग 300 ग्राम होता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हापुस आम की सबसे महंगी किस्म है। इसका गूदा केसरिया रंग का होता है। इसी के साथ रसपुरी को ‘आमों की रानी’ कहा जाता है।