रेलवे का वह दौर, जब दिया जाता था ‘एडमंडसन टिकट’, 1986 से बदल गई तस्वीर
भारतीय रेलवे में आज मिनटों में टिकट बुक हो जाती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कभी टिकट बुक करने के लिए यात्रियों को घंटों का इंतजार और लंबी कतार का सामना करना पड़ता था ?
भारतीय रेलवे में यदि आपको टिकट बुक करना हो, तो आप सिर्फ कुछ ही मिनटों में यात्रा टिकट बुक कर सकते हैं। हालांकि, रेलवे में कभी ऐसा दौर था, जब यात्रियों को टिकट बुक करने के लिए घंटों का इंतजार और लंबी कतार का सामना करना पड़ता था। उस समय एडमंडसन टिकटों का दौर हुआ करता था। हालांकि, 1986 में टिकट के इतिहास में बड़ा बदलाव हुआ और समय के साथ टिकट बुक करना आसान होता चला गया।
क्या होते थे एडमंडसन टिकट
भारतीय रेलवे में कंप्यूटरीकृत टिकट से पहले यात्रियों को टिकट काउंटर से एडमंडसन टिकट लेना पड़ता था। दरअसल, यह गत्ते के टिकट हुआ करते थे, जिन पर स्टेशन का नाम, किराया और श्रेणी लिखी होती थी। इस टिकट पर क्लर्क द्वारा मशीन से तारीख की मुहर लगाई जाती थी। इन टिकटों को थॉमस एडमंडसन द्वारा बनाया गया था।
सीटों के लिए होता था रजिस्टर का इस्तेमाल
पहले ऑनलाइन सीटें बुक नहीं होती थीं, बल्कि सीटों के लिए रेलवे काउंटर पर रजिस्टरों का इस्तेमाल होता था। यात्री को अपनी यात्रा की जानकारी एक फॉर्म में भरकर देनी होती थी, जिसके बाद रेलवे क्लर्क रजिस्टर में देखकर बताते थे कि यात्रा के लिए संबंधित दिन सीट खाली है या नहीं है।
1986 से बदला टिकट का इतिहास
भारतीय रेलवे में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सबसे पहले 19 फरवरी, 1986 को कंप्यूटर आधारित टिकट आरक्षण (PRS) सिस्टम की शुरुआत की गई। इसके बाद टिकट की प्रक्रिया आसान हो गई थी और क्लर्क को टिकट देने के लिए रजिस्टर नहीं देखना पड़ता था। साथ ही, रेलवे काउंटर पर लगने वाली भीड़ में भी कमी आई थी।
2002 से हुई ऑनलाइन टिकट की शुरुआत
भारतीय रेलवे ने साल 2002 में IRCTC के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुकिंग की शुरुआत की। इस सुविधा के माध्यम से यात्रियों को अब रेलवे काउंटर के चक्कर नहीं लगाने होते थे, बल्कि अपने आसपास के साइबर कैफे पर टिकट बुक की जा सकती थी।
ऐप से मिली सुविधा
कुछ समय बाद IRCTC द्वारा ऐप को लांच कर दिया गया, जिसके बाद लोगों को मोबाइल में ही टिकट बुक करने की सुविधा मिल गई। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे द्वारा तत्काल टिकट की भी सुविधा दी गई, जिससे यात्रियों को यात्रा से एक दिन पहले ही टिकट बुक करने की सुविधा मिली।
A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.