Asian Para Games 2026: भारत ने पहले दिन जीते 11 मेडल, 4 गोल्ड के साथ टूटे कई रिकॉर्ड
Asian Para Games 2026: पैरा एशियाई खेलों 2026 में भारत ने पहले दिन 11 पदक जीते। सिमरन ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता, जबकि प्रीति पाल और निरंजन मुकुंदन ने भी पदक हासिल किए।
Asian Para Games 2026: एशियन गेम्स में अपने दमदार प्रदर्शन के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पैरा एशियाई खेलों 2026 में भी शानदार शुरुआत की है। प्रतियोगिता के पहले ही दिन भारतीय पैरा एथलीटों ने कुल 11 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। भारत के खाते में चार गोल्ड, पांच सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल आए।
जैवलिन थ्रो में रिंकू ने स्वर्ण पदक जीतकर देश को बड़ी सफलता दिलाई, वहीं सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर T12 इवेंट में गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। तैराकी और एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
भारत को मिले चार गोल्ड
पैरा एशियाई खेलों के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कुल 11 पदकों में चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। इस प्रदर्शन से भारतीय दल को प्रतियोगिता की शुरुआत में ही मजबूती मिली है।
सिमरन ने गोल्ड के साथ बनाया गेम्स रिकॉर्ड
भारत की सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर T12 फाइनल में शानदार दौड़ लगाते हुए गोल्ड अपने नाम किया। उन्होंने 24.80 सेकंड में रेस पूरी कर गेम्स रिकॉर्ड अपने नाम किया। ईरान की हाजर सफरजादेह ने 25.02 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि भारत की तेजिबेन डामोर ने 25.23 सेकंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया। तेजिबेन ने इस दौरान अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया।
प्रीति पाल ने जीता सिल्वर मेडल
भारत की प्रीति पाल ने महिलाओं की 200 मीटर T35 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। उन्होंने 29.53 सेकंड में रेस पूरी की। इस स्पर्धा में चीन की झोउ शिया ने 28.03 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
तैराकी में निरंजन मुकुंदन ने दिलाया कांस्य
भारतीय तैराक निरंजन मुकुंदन ने पुरुषों की 200 मीटर इंडिविजुअल मेडले एसएम7 फाइनल में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 2 मिनट 57.01 सेकंड का समय निकाला। चीन के झांग यिलोंग ने 2 मिनट 37.69 सेकंड के एशियाई रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि फिलीपींस के एर्नी गाविलान ने 2 मिनट 52.72 सेकंड में रेस पूरी कर सिल्वर मेडल जीता।
शीतल देवी और पायल नाग फाइनल में पहुंचीं
भारतीय महिला पैरा तीरंदाज शीतल देवी और पायल नाग ने कंपाउंड आर्चरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 151-135 से हराया।
अब फाइनल में भारत का सामना चीन से होगा। चीनी टीम ने एक रोमांचक मुकाबले में चीनी ताइपे को 144-141 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। ऐसे में शीतल देवी और पायल नाग की जोड़ी से स्वर्ण पदक की उम्मीदें रहेंगी।
भारतीय दल से आगे भी पदकों की उम्मीद
पैरा एशियाई खेलों 2026 के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है। अब सभी की निगाहें आने वाले मुकाबलों पर होंगी, जहां भारतीय खिलाड़ी अपने प्रदर्शन को जारी रखते हुए देश के लिए और पदक जीतने की कोशिश करेंगे।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.