बांग्लादेश में आम चुनाव संपन्न हो गए हैं और इसके नतीजे भी जारी हो रहे हैं। देश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी(BNP) और जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले गठबंधनों के बीच सीधा मुकाबला था, जिसमें बीएनपी पार्टी कुल 299 सीटों में से अब तक 200 से अधिक सीटों पर अपनी जीत दर्ज करा चुकी है। ऐसे में बीएनपी बहुमत से सरकार बनाने के स्थिति में है।
इस कड़ी में पार्टी प्रमुख तारिक रहमान(Tarique Rahman) को बांग्लादेश का अगला प्रधानमंत्री बनाने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। ऐसे में यहां जानना जरूरी है कि आखिर बांग्लादेश की राजनीति में पहचान रखने वाले तारिक रहमान कौन हैं और उनका यहां की राजनीति में क्या बैकग्राउंड रहा है? इन सभी सवालों का जवाब जानने के लिए यह लेख पढ़ें।
पूर्व पीएम के बेटे हैं तारिक रहमान
तारिक रहमान बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री रही दिवंगत खालिदा जिया के बेटे हैं। जिया बांग्लादेश की तीन बार प्रधानमंत्री रह चुकी हैं और बीते दिनों 30 दिसंबर, 2025 को उनका लंबी बीमारी की वजह से निधन हो गया था। रहमान साल 2008 से लंदन में रह रहे थे और पार्टी से जुड़े हुए थे, लेकिन मां के निधन के बाद वह लंदन से बांग्लादेश लौटे हैं और उन्हें पार्टी प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है।

कब से शुरू हुआ राजनीतिक करियर
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तारिक रहमान 1988 में पार्टी की गबतली उपजिला इकाई के सामान्य सदस्य के रूप में बीएनपी पार्टी में शामिल हुए थे।
-साल 1991 के राष्ट्रीय चुनाव से पहले उन्होंने अपने मां के साथ देश के सभी जिलों में प्रचार किया था।
-1993 में उन्होंने बेगुरा इकाई में एक सम्मेलन का आयोजन किया, जहां गुप्त मतदान से नेतृत्व का चुनाव हुआ था।
-साल 2002 में उन्हें पार्टी का वरिष्ठ संयुक्त महासचिव बनाया गया था।
-साल 2009 में वह पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बने थे।
-साल 2018 में जब खालिदा जिया को जेल में रखा गया था, तो तारिक रहमान को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।
पूर्वी पाकिस्तान में हुआ था जन्म
तारिक रहमान का जन्म साल 1967 में उस समय हुआ था, जब बांग्लादेश को पूर्वी पाकिस्तान के नाम से जाना जाता था। साल 1971 में जब बांग्लादेश मुक्ति संग्राम चल रहा था, तब वह सिर्फ 4 साल के थे, तब उन्हें कुछ समय के लिए हिरासत में रखा गया था। इस घटना को देखते हुए BNP पार्टी उन्हें ‘युद्ध के सबसे कम उम्र के बंदी’ के रूप में बताकर सम्मानित भी करती आ रही है।
35 साल बाद बनेगा कोई पुरुष प्रधानमंत्री
यदि तारिक रहमान को प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाता है, तो बांग्लादेश में यह 35 साल बाद होगा, जब कोई पुरुष प्रधानमंत्री बनेगा। क्योंकि, इससे पहले शेख हसीना और खालिदा जिया ही पीएम बनती रही हैं।
पढ़ेंः भारत की वह सड़क, जिस पर गाड़ी चलाने से निकलती है संगीत की धुन, जानें जगह और नाम
Comments
All Comments (0)
Join the conversation