संविधान की प्रस्तावना क्या है? जानें संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और गणराज्य का अर्थ
Samvidhan Divas 2026: भारतीय संविधान की प्रस्तावना क्या है और इसमें शामिल संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और गणराज्य जैसे शब्दों का क्या अर्थ है? यहां आसान हिंदी में इन सभी शब्दों का अर्थ, प्रस्तावना का महत्व और इससे जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां पढ़ें।
भारत का संविधान देश के हर नागरिक को अधिकार देने के साथ-साथ एक बेहतर समाज बनाने का रास्ता भी दिखाता है। इसकी प्रस्तावना में कुछ ऐसे शब्द शामिल हैं, जो भारत की पहचान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की पूरी तस्वीर पेश करते हैं। संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और गणराज्य जैसे शब्द सिर्फ लिखे हुए शब्द नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे देश को लेकर एक बड़ी सोच छिपी है। हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर आइए आसान भाषा में समझते हैं कि संविधान की प्रस्तावना क्या है और इन पांच शब्दों का क्या मतलब है।
क्या है संविधान की प्रस्तावना?
भारतीय संविधान की प्रस्तावना को इसकी भूमिका भी कहा जाता है। इसमें बताया गया है कि हमारा संविधान किन मूल सिद्धांतों पर आधारित है और देश किस तरह की व्यवस्था के साथ आगे बढ़ना चाहता है। इसकी शुरुआत 'हम, भारत के लोग' से होती है। इसका सीधा मतलब है कि भारत के संविधान की ताकत यहां की जनता है।
संविधान की प्रस्तावना पंडित जवाहरलाल नेहरू के 'उद्देश्य प्रस्ताव' पर आधारित है। संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को इसे अंगीकृत किया था। संविधान तैयार करने में 2 साल, 11 महीने और 18 दिन लगे थे। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को इसे पूरे देश में लागू कर दिया गया था।
बता दें कि साल 1976 में 42वें संविधान संशोधन के जरिए प्रस्तावना में समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और अखंडता शब्द जोड़े गए।
प्रस्तावना के पांच प्रमुख शब्दों का क्या है मतलब?
1. संप्रभु (Sovereign): इसका मतलब है कि भारत एक स्वतंत्र देश है। अपने आंतरिक और बाहरी मामलों में फैसले लेने के लिए भारत किसी दूसरे देश या विदेशी ताकत पर निर्भर नहीं है।
2. समाजवादी (Socialist): इसका उद्देश्य समाज में आर्थिक और सामाजिक असमानता को कम करना है। इसका मतलब है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और जनकल्याण को प्राथमिकता मिले।
3. पंथनिरपेक्ष (Secular): भारत का कोई आधिकारिक धर्म नहीं है। यहां सभी धर्मों को समान सम्मान और अपने धर्म को मानने, अपनाने और उसका पालन करने की स्वतंत्रता है।
4. लोकतांत्रिक (Democratic): भारत में सरकार जनता द्वारा चुनी जाती है। नागरिक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करके प्रतिनिधि चुनते हैं, जो देश और राज्यों की सरकार चलाते हैं।
5. गणतंत्र (Republic): इसका अर्थ है कि देश का प्रमुख कोई वंशानुगत राजा नहीं होता। भारत में राष्ट्रपति का चुनाव संवैधानिक प्रक्रिया के तहत किया जाता है।
26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?
26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अपनाया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में भारत सरकार ने साल 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया।
अंत में हम कह सकते है कि, संविधान की प्रस्तावना हर भारतीय को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का भरोसा दिलाती है। यही वे मूल्य हैं, जिन पर भारत के लोकतंत्र की नींव टिकी हुई है।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.