घर में रखे LPG सिलेंडर की ऐसे चेक करें एक्सपायरी डेट, छोटी सी गलती पड़ सकती है भारी
गैस सिलेंडर के ऊपरी हिस्से पर लिखा कोड सिलेंडर की अगली निर्धारित टेस्टिंग की समय-सीमा बताता है। सिलेंडर पर लिखे ये टेक्स्ट साल की चार तिमाहियों को दर्शाते हैं।
LPG Gas Cylinder Safety Hindi: घर के किचन में इस्तेमाल होने वाला गैस सिलेंडर हमारी रोजमर्रा की जरूरत है। लेकिन क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि आपके घर आने वाले सिलेंडर की टेस्टिंग कब हुई थी या अगला टेस्ट कब होना है? यदि नहीं, तो अगली बार गैस सिलेंडर लेते समय इस बात का खास ध्यान रखें।
कई बार जानकारी नहीं होने के कारण लोग सिलेंडर पर लिखे कोड को नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि यह कोड सिलेंडर की सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी देता है। समय पर जांच नहीं होने वाले सिलेंडर का उपयोग जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में जरूरी है कि आप सिलेंडर पर लिखा कोड पढ़ना सीखें। अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आप घर बैठे कुछ मिनटों में इसकी जानकारी हासिल कर सकते हैं।
सिलेंडर पर कहां लिखा होता है टेस्टिंग कोड?
गैस सिलेंडर के ऊपरी हिस्से में तीन लोहे की पट्टियां होती हैं, जिनकी मदद से सिलेंडर को उठाया जाता है। इन्हीं में से किसी एक पट्टी पर अंग्रेजी का एक अक्षर और दो नंबर लिखे होते हैं।
यह कोड सिलेंडर की अगली निर्धारित टेस्टिंग की समय-सीमा बताता है। यानी इसे देखकर आप समझ सकते हैं कि सिलेंडर की जांच किस साल और किस तिमाही में होनी है।
A, B, C और D का क्या है मतलब?
सिलेंडर पर लिखे टेक्स्ट साल की चार तिमाहियों को दर्शाते हैं।
A का मतलब जनवरी से मार्च
B का मतलब अप्रैल से जून
C का मतलब जुलाई से सितंबर
D का मतलब अक्टूबर से दिसंबर
वहीं, टेक्स्ट के आगे लिखे दो नंबर साल बताते हैं। उदाहरण के लिए, अगर सिलेंडर पर D-26 लिखा है, तो इसका मतलब है कि उसकी निर्धारित टेस्टिंग अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच होनी है।
टेस्टिंग डेट निकल जाए तो क्या करें?
यदि आपको लगता है कि आपके घर आया सिलेंडर तय टेस्टिंग अवधि से बाहर है, तो इसे नज़रअंदाज़ न करें। तुरंत अपनी गैस एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क करें और सिलेंडर की जांच या बदलने के लिए कहें।
ध्यान रखें कि यह कोड सिलेंडर की अगली टेस्टिंग की समय-सीमा बताता है, न कि गैस खत्म होने की तारीख। इसलिए हर बार सिलेंडर लेते समय उसकी स्थिति और कोड जरूर चेक करें। आपकी यह छोटी सी सावधानी परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
Bagesh Yadav is a journalist and current affairs analyst with over six years of experience in education journalism, national and international affairs, and digital media. He has contributed to India’s leading knowledge platforms, including Vision IAS and Only IAS, and currently serves in a senior editorial role at Jagranjosh.com, where he leads coverage across the Current Affairs and General Knowledge sections. His expertise spans breaking news, government policy analysis, world affairs, sports updates, science and technology, and visually engaging infographics. Known for his commitment to factual accuracy, editorial integrity, and audience-first storytelling, Bagesh delivers well-researched, accessible, and impactful journalism that serves millions of students, competitive exam aspirants, and informed readers across India.