उत्तर प्रदेश भारत का चौथा सबसे बड़ा राज्य है, जो कि 240,928 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। भारत का यह राज्य देश के कुल 7.33 फीसदी हिस्से पर है। इसके साथ ही यह सबसे अधिक आबादी वाला राज्य भी है।
साल 2011 में यहां की कुल आबादी 19 करोड़ 98 लाख 12 हजार 341 दर्ज की गई थी, जो कि उस समय पूरे देश की कुल आबादी का 16.5 फीसदी थी। हालांकि, वर्तमान में यह आंकड़ा 24 करोड़ को पार कर गया है। पूरे प्रदेश में रेलवे का बड़ा नेटवर्क है, जो कि इसे देश के अलग-अलग राज्यों से कनेक्ट करता है।
इस कड़ी में क्या आप जानते हैं कि यूपी के किस जिले में सबसे अधिक रेलवे स्टेशन मौजूद हैं, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
उत्तर प्रदेश के कुल जिले और मंडल
उत्तर प्रदेश में कुल 75 जिले हैं, जो कि 18 मंडलों में आते हैं। ये सभी मंडल कुल चार संभागों का हिस्सा हैं, जिनमें पूर्वांचल, मध्यांचल, पश्चिमांचल और बुंदेलखंड शामिल हैं। कुछ किताबों में हमें रोहिलखंड और बघेलखंड का भी जिक्र मिलता है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में कुल 75 नगर पंचायत, 17 नगर निगम, 826 सामुदायिक विकास खंड और 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायत मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश में कुल कितने रेलवे स्टेशन हैं
अब हम यह जान लेते हैं कि यूपी में कुल कितने रेलवे स्टेशन मौजूद हैं। आपको बता दें कि पूरे प्रदेश में कुल 550 रेलवे स्टेशन मौजूद हैं। इसमें 230 से अधिक उत्तर-मध्य रेलवे क्षेत्र का हिस्सा हैं, तो 130 से अधिक पूर्वोत्तर मध्य रेलवे का हिस्सा हैं।
सबसे अधिक रेलवे स्टेशन वाला जिला
अब सवाल है कि यूपी में सबसे अधिक रेलवे स्टेशन वाला जिला कौन-सा है, तो आपको बता दें कि यह प्रयागराज जिला है।
जिले में कितने हैं रेलवे स्टेशन
प्रयागराज के प्रमुख रेलवे स्टेशनों की बात करें, तो ये प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज संगम, प्रयागराज छिवकी, नैनी जंक्शन, सूबेदारगंज, फाफामऊ जंक्शन, झूंसी और प्रयाग जंक्शन हैं। इनके अलावा यदि छोटे-बड़े व हॉल्ट स्टेशनों को मिला दिया जाए, तो जिले में करीब 47 रेलवे स्टेशन हैं। आपको बता दें कि प्रयागराज में उत्तर-मध्य रेलवे का मुख्यालय भी है। यह एक बड़ा रेलवे जोन है, ऐसे में यहां स्टेशनों की संख्या भी अधिक है।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंःनाम के पीछे क्यों लिखा जाता है ‘कुमार’, यह है असली वजह
Comments
All Comments (0)
Join the conversation