भारत का इकलौता ‘आग का पहाड़’, जहां इंसानों का जाना है मना

Last Updated: Nov 10, 2026, 18:30 IST

आपने दुनिया के अलग-अलग ज्वालामुखियों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ज्वालामुखी ऐसा है, जिसे आग का पहाड़ कहा जाता है, जो कि अभी भी एक्टिव है और इसके आसपास इंसानों का जाना मना है।

ज्वालामुखी
ज्वालामुखी

दुनिया में बहुत-से एक्टिव ज्वालामुखी हैं, जो कि लावा उगलते हैं। आपने ऐसे बहुत-से ज्वालामुखियों के बारे में पढ़ा और सुना होगा। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत में एक ज्वालामुखी ऐसा भी है, जिसे ‘आग का पहाड़’ भी कहा जाता है,  जो कि आज भी एक्टिव है और इससे आग व धुआं निकलता रहता है। इस वजह से इसके आसपास इंसानों का आना-जाना मना है। इस लेख में हम इस बारे में विस्तार से जानेंगे।

कौन-सा एक्टिव ज्वालामुखी है

भारत के प्राकृतिक अजूबों में कई ऐसी जगहें हैं, जिनके बारे में आम लोगों को बहुत कम जानकारी है। इन्हीं में से एक है 'बैरेन द्वीप', जो न केवल भारत का, बल्कि पूरे दक्षिण एशिया का इकलौता सक्रिय ज्वालामुखीहै। यह जगह प्रकृति की शक्तियों का एक जीवंत उदाहरण है।

भौगोलिक स्थिति और भूगर्भीय महत्त्व 

बैरेन द्वीप अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का हिस्सा है। यह अंडमान सागर में राजधानी पोर्ट ब्लेयर से लगभग 140 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। भूवैज्ञानिक लिहाज से, यह उस बड़ी ज्वालामुखीय बेल्ट का हिस्सा है, जो इंडोनेशिया के सुमात्रा से लेकर म्यांमार तक फैली हुई है। इंडियन प्लेट और बर्मीज प्लेट के आपस में टकराने के कारण इस क्षेत्र में अधिक भूगर्भीय दबाव बनता है, जो ज्वालामुखी के रूप में बाहर निकलता है।

क्या है नाम का मतलब और क्यों रहता है खाली

अंग्रेजी शब्द 'Barren' का अर्थ होता है 'बंजर' या 'सूखा'। अपने नाम के अनुसार ही यह द्वीप पूरी तरह से वीरान है। यहां इंसानों की कोई आबादी नहीं है। लगातार होने वाले ज्वालामुखीय विस्फोटों, उबलते लावे, जहरीली गैसों और उड़ती राख के कारण यहां इंसानों का रहना पूरी तरह से मुमकीन नहीं है। यह द्वीप करीब 3 किलोमीटर के दायरे में फैला है और इसके क्रेटर की ऊंचाई समुद्र तल से लगभग 354 मीटर है।

क्या है विस्फोटों का इतिहास

बैरेन द्वीप के ज्वालामुखी के फटने का पहला प्रमाणित और लिखित रिकॉर्ड साल 1787 में मिलता है। इसके बाद यह कई दशकों तक शांत रहा, जिससे कई वैज्ञानिकों ने Extinct मान लिया था। लेकिन, लगभग 150 साल शांत रहने के बाद 1991 में यह अचानक फिर से फट पड़ा। इसके बाद 1995, 2005, 2017 और हाल के सालों में भी इसमें विस्फोट दर्ज किए गए हैं। आज भी इसके क्रेटर से अक्सर धुआं, राख और लाल उबलता हुआ लावा निकलता हुआ देखा जा सकता है, जो इसे भारत के नक्शे पर एक 'जीवित आग के पहाड़' का दर्जा देता है।

पर्यटन पर है प्रतिबंध

सुरक्षा कारणों से किसी भी नागरिक या पर्यटक को बैरेन द्वीप की धरती पर कदम रखने की सख्त मनाही है। यहां का दौरा करने के लिए वन विभाग से विशेष अनुमति लेनी पड़ती है। पर्यटक केवल जहाजों या चार्टर्ड नावों के माध्यम से एक सुरक्षित दूरी से ही इस धधकते ज्वालामुखी का नजारा देख सकते हैं।

Kishan Kumar
Kishan Kumar

Senior Executive - Editorial

A seasoned journalist and Multimedia Producer with over 8 years of experience in print and digital media, Kishan specializes in turning complex topics into clear, compelling narratives. Currently working as a Senior Content Writer in the GK section at Jagran Josh, he brings deep subject expertise in History, Polity, and Geography, writing on national and international affairs from a general knowledge perspective. He can be reached at Kishan.kumar@jagrannewmedia.com.

... Read More
First Published: Nov 10, 2026, 18:30 IST

आप जागरण जोश पर भारत, विश्व समाचार, खेल के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समसामयिक सामान्य ज्ञान, सूची, जीके हिंदी और क्विज प्राप्त कर सकते है. आप यहां से कर्रेंट अफेयर्स ऐप डाउनलोड करें.

Trending

Latest Education News