भारत के प्रधानमंत्री द्वारा 25 दिसंबर, 2025 को राष्ट्र प्रेरणा स्थल जनता को समर्पित किया जाएगा। यह उत्तर प्रदेश में लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित किया गया है, जो कि भाजपा के तीन राष्ट्रवादी नेताओं को समर्पित है।
इस स्थल में म्यूजियम से लेकर एम्फीथियेटर और हैलीपेड तक की सुविधा दी गई है। साथ ही, यहां रैली के लिए एक बड़ा ग्राउंड भी बनाया गया है, जिससे आने वाले समय में यहां बड़े आयोजन किया जा सके। इस लेख में हम राष्ट्र प्रेरणा स्थल के बारे में जानेंगे।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में स्थापित हैं तीन मूर्तियां
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में भाजपा के तीन राष्ट्रीय नेताओं की प्रतिमा को स्थापित किया गया है। इसमें भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की कांस्य प्रतिमाएं हैं। इन प्रतिमाओं की ऊंचाई कुल 65 फीट है और 42 टन वजन है। खास बात यह है कि जिस दिन पीएम द्वारा इस स्थल को जनता को समर्पित किया जाएगा, उस दिन अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस भी है।
65 एकड़ में बना है प्रेरणा स्थल
लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा इस स्थल का निर्माण कुल 65 एकड़ में किया गया है। इसे कुल 230 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। खास बात यह है कि यदि ऊपर से इस स्थल को देखें, तो यह एक कमल फूल के आकार में दिखाई देता है, जो कि भाजपा का चुनाव चिह्न भी है।
म्यूजियम में इतिहास से रूबरू होंगे लोग
प्रेरणा स्थल में करीब 6300 वर्ग फीट में दो मंजिला म्यूजियम भी बनाया गया है। इस म्यूजियम में तीनों नेताओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका व उनके विचारों को दर्शाया गया है। इसके लिए यहां 12 इंटरप्रिटेशन वॉल भी बनाई गई हैं। वहीं, संग्रहालय के दो अलग-अलग कमरों में नेताओं के जीवन पर आधारित ओरिएंटेशन फिल्में भी दिखाई जाएंगी।
स्थल पर भविष्य में होंगे बड़े आयोजन
इस स्थल को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यहां योग से लेकर म्यूजिकल ब्लॉक का भी ध्यान रखा गया है। परिसर में 3000 लोगों की क्षमता वाले एम्फीथियेटर, म्यूजिकल ब्लॉक, हैलीपेड और एक बड़े रैली स्थल को भी बनाया गया है। ऐसे में यहां आने वाले समय में बड़े आयोजन भी किए जा सकते हैं।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
नए स्थल के बनने के बाद लखनऊ शहर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। यहां घूमने-फिरने के शौकिन लोगों को घूमने के लिए नया ठिकाना मिलेगा। ऐसे में इसके आसपास के लोगों को आर्थिक लाभ भी पहुंचने की उम्मीद है।
हम उम्मीद करते हैं कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसी तरह सामान्य अध्ययन से जुड़ा अन्य लेख पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
पढ़ेंःभारत में किस केंद्रीय मंत्री को कहा जाता है ‘बाबूजी’, जानें नाम
Comments
All Comments (0)
Join the conversation