भारत को विविधताओं का देश कहा जाता है। यहां की संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत इसे इन्य देशों से अलग बनाती हैं। यहां हर शहर और गांव का अपना इतिहास है, जिसकी झलक अतीत के पन्नों में देखने को मिलती है। हालांकि, समय के साथ इन शहरों और गांवों का विकास होता गया और भारत की एक नई तस्वीर बनी। वर्तमान में भारत में 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेश हैं। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत का सबसे नया राज्य कौन-सा है, यदि नहीं, तो इस लेख के माध्यम से हम इस बारे में जानेंगे।
भारत का सबसे नया राज्य कौन-सा है
सबसे पहले हम यह जान लेते हैं कि भारत का सबसे नया राज्य कौन-सा है, तो आपको बता दें कि भारत का सबसे नया राज्य तेलंगाना है।
कब हुआ था राज्य का गठन
तेलंगाना राज्य का गठन आंध्र प्रदेश राज्य से अलग कर 2 जून, 2014 को किया गया था। इसकी राजधानी हैदराबाद है। हालांकि, इसका गठन आसानी से नहीं हुआ था, बल्कि इसके पीछे एक लंबा आंदोलन चला था।
क्या है इतिहास
तेलंगाना साल 1948 तक हैदराबाद रियासत का हिस्सा हुआ करता था। उस समय यहां निजाम का शासन हुआ करता था। साल 1956 में राज्य पुनर्गठन के तहत तेंलगाना को आंध्र प्रदेश राज्य के साथ जोड़ा गया और आंध्र प्रदेश राज्य बना। हालांकि, उस समय से ही तेलंगाना के लोग इससे खुश नहीं थे, क्योंकि उन्हें इससे अपना सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास बाधित होता दिख रहा था।
शुरू हुआ आंदोलन
तेलंगाना राज्य की मांग को लेकर 1950 के अंत तक आंदोलन शुरू हो गया था। क्योंकि, युवाओं को लग रहा था कि सरकारी सेवाओं में उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। साथ ही, तेलंगाना की संस्कृति और पहचान को लेकर भी लोगों में संशय बना हुआ था कि उनकी पहचान खत्म हो रही है। ऐसे में 1969 में एक तेलंगाना आंदोलन शुरू हुआ। यह आंदोलन लगातार कई सालों तक चलता रहा।
इस तरह हुआ राज्य का गठन
तेलंगाना राज्य के गठन की शुरुआत दिसंबर 2013 में हुई थी। उस समय आंध्र प्रदेश पुनर्गठन विधेयक, 2013 को मंजूरी दी गई। वहीं, फरवरी 2014 में इसे लोकसभा और राज्यसभा में मंजूरी मिली। मार्च में इस विधेयक पर राष्ट्रपति ने मुहर लगाई और जून 2014 में औपचारिक रूप से तेलंगाना भारत का 29वां राज्य बना। उस समय के. चंद्रशेखर राव को राज्य का पहला मुख्यमंत्री बनाया गया।
Comments
All Comments (0)
Join the conversation